आयुध निर्माणी समपार रेलवे फाटक खोले जाने को लेकर डीआरएम से गुहार

IMG 20250609 WA0027 scaled

आयुध निर्माणी समपार रेलवे फाटक खोले जाने को लेकर डीआरएम से गुहा

कटनी।आयुध निर्माणी कटनी समपार रेलवे फाटक अनावश्यक रूप से बेवजह बंद रखे जाने को लेकर डीआरएम जबलपुर से इस परेशानी को हल करने की गुहार लगाई गई है।

पूर्व पत्रकार अश्वनी गर्ग के द्वारा डीआरएम जबलपुर को किये गये आग्रह में कहा गया है कि,आयुध निर्माणी कटनी समपार रेलवे फाटक को जानबूझकर अनावश्यक रूप से बंद रखा जाता है। जिसके कारण केंद्रीय विद्यालय, डीएवी स्कूल आदि के छात्रों समेत, केजी के नन्हें बच्चों के अलावा निर्माणी कर्मचारियों, अंतिम यात्रा, मरीजों की एंबुलेंस और रोजाना यहां से आने-जाने वाले हजारों की संख्या में नागरिकों और साऊथ स्टेशन जाने वाले यात्रियों को आधा-आधा,पौन घंटे तक रेलवे फाटक खुलने की बेवजह प्रतीक्षा करनी पड़ती है। दो ट्रेनों की पासिंग के मध्य दस-पंद्रह मिनट तक का अंतर होने के बावजूद रेलवे फाटक लगातार बंद रखा जाता है। यहां तक कि जबलपुर से कटनी के लिए आने वाली ट्रेन पहले माधवनगर कटनी रेलवे फाटक पर पहुंचती है और वह खुला रहता है किन्तु आयुध निर्माणी समपार रेलवे फाटक बंद रहता है। कई बार विवाद की स्थितियों पर बस रटा-रटाया जवाब दिया जाता है कि जब साऊथ रेलवे स्टेशन से चाबी मिलेगी,तब खोला जाएगा! जबकि पश्चिम मध्य रेलवे की अनेक सवारी ट्रेनों का संचालन पूर्णतया बंद है। इन ट्रेनों के संचालन के समय भी यह फाटक कभी ऐसे बंद नहीं होता था। लगातार फाटक बंद रहने के चलते आयुध निर्माणी कर्मचारियों के लिए वाहन स्टैंड अभी हाल में ही फाटक के पूर्वी क्षेत्र में बनाना पड़ा, जबकि इससे पूर्व निर्माणी के सभी कर्मचारी फाटक के पार और निर्माणी के ठीक सामने बने वाहन स्टैंड में ही अपने-अपने वाहनों को खड़ा करते थे।
कृपया उचित दिशा निर्देश जारी कर पूर्व की ही तरह आयुध निर्माणी समपार रेलवे फाटक खोले जाने की पहल करने की दया करें, ताकि नागरिकों, नौनिहालों और साऊथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने जाने वाले यात्रियों को बेवजह की परेशानियों से निजात मिल सके।