परिसीमन बिल को DMK का समर्थन, स्टालिन ने बताई बड़ी जीत; कांग्रेस पर ‘यूज एंड थ्रो’ का वार
चेन्नई। डिलिमिटेशन (परिसीमन) बिल को लेकर चेन्नई में हुई डीएमके (DMK) की बैठक के बाद पार्टी ने विधेयक को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन के नेतृत्व में हुई बैठक में इस फैसले पर मुहर लगी। स्टालिन ने कहा कि डीएमके की न्यायसंगत मांगें मान ली गई हैं, जिससे तमिलनाडु के हित सुरक्षित रहे हैं और अब महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता भी खुल सकेगा।
’50 फीसदी सीटों की बढ़ोतरी से यथास्थिति रहेगी कायम’ डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम किया है, इसलिए परिसीमन से उन्हें नुकसान होने की आशंका थी। उनके अनुसार, अब हर राज्य में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की व्यवस्था से राज्यों के बीच अनुपात की यथास्थिति बनी रहेगी। मारन ने कहा कि इससे किसी राज्य को नुकसान नहीं होगा और महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलने का लाभ भी मिलेगा, जिसका डीएमके हमेशा से समर्थन करती रही है।
कांग्रेस पर ‘इस्तेमाल करो और फेंको’ की नीति का आरोप बैठक के बाद दयानिधि मारन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर ‘यूज एंड थ्रो’ (इस्तेमाल करो और फेंको) की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि पीठ में छुरा घोंपने वाले कौन हैं। मारन ने 1971 के परिसीमन का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय तमिलनाडु की सीटें 41 से घटाकर 39 कर दी गई थीं, जबकि अब अनुपात के अनुसार सीटें बढ़ रही हैं।

