रवि योग के शुभ संयोग में आज मनाई जा रही देवउठनी एकादशी: चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे श्रीहरि विष्णु, चातुर्मास का समापन; पहले 9 दिन रहेगा बड़ा सहलग-शहनाइयों की गूंज के साथ फिर चमकेगा बाजार
yashbharat.com डेस्क। दीपावली के महापर्व के बाद अब आज यानी 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी (प्रबोधिनी एकादशी) का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस बार एकादशी के दिन ‘रवि योग’ का अत्यंत शुभ संयोग बन रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की लंबी योगनिद्रा से जागते हैं और सृष्टि के संचालन का कार्यभार पुनः संभालते हैं।
भगवान विष्णु के जागने के साथ ही बीते चार महीनों से चले आ रहे चातुर्मास का विधिवत समापन हो जाएगा और विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन व उपनयन संस्कार जैसे सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी।
धर्म और शुभ मुहूर्त से जुड़े प्रमुख बिंदु
रवि योग का विशेष संयोग: आज देवउठनी एकादशी पर बन रहा रवि योग पूजा-पाठ, तुलसी विवाह और मांगलिक कार्यों की शुरुआत के लिए बेहद फलदायी माना जा रहा है।
चार माह बाद गूंजेंगी शहनाइयां: चातुर्मास समाप्त होते ही विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो रहे हैं। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, सहलग शुरू होते ही पहले नौ दिन ‘बड़ा सहलग’ (अत्यंत शुभ विवाह तिथियां) हैं, जिसके चलते शहर से लेकर गांवों तक एक बार फिर शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी।
दीपावली के बाद सुस्त पड़े बाजार में लौटी रौनक
व्यापारियों के खिले चेहरे: दीपावली के बाद बाजारों में जो हल्की सुस्ती छाई हुई थी, वह सहलग (शादी-विवाह के सीजन) की शुरुआत होते ही फिर से चमक उठी है।
इन सेक्टरों में भारी उछाल: विवाह मुहूर्त शुरू होने से सराफा (ज्वेलरी), कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, टेंट-कैटरिंग, मैरिज गार्डन और फूलों के कारोबार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है।











