Site icon Yashbharat.com

जानलेवा हमले के बावजूद पुलिस ने दर्ज किया साधारण मारपीट का मामला, पुलिस अधीक्षक से आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग

IMG 20241015 WA0021

कटनी। पड़ोसी जिला उमरिया के चंदिया थाना अंतर्गत ग्राम भुंडी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई जानलेवा मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक को उमरिया से रिफर करके जिला अस्पताल कटनी लाया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। उधर पीडि़त युवक का आरोप है कि चंदिया पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध साधारण मारपीट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है जबकि आरोपियों के द्धारा हंसिया व बका से जानलेवा मारपीट की गई है। पीडि़त पक्ष पुलिस अधीक्षक का ध्यान घटना की ओर आकर्षित कराते हुए हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने व गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। इस संबंध में शिकायतकर्ता ग्राम भुंडी निवासी प्रशांत साहू के मुताबिक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ददन सिंह व उसके पारिवारिक सदस्यों ने उसके व उसके परिवार के साथ हंसिया व बका से विवाद करते हुए जानलेवा मारपीट की। जिसमें उसको तथा उसके परिवार के कई सदस्यों को सिर, हाथ, पैर व चेहरे में गंभीर चोटे आई हैं। परिवार के सभी घायल सदस्यों को पहले चंदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा बाद में रिफर करके जिला चिकित्सालय कटनी लाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल कुछ सदस्यों का उपचार चल रहा है। घटना की शिकायत चंदिया पुलिस से की गई लेकिन पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध मारपीट की साधारण धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पीडि़त पक्ष ने घटना का ध्यान पुलिस अधीक्षक की ओर आकर्षित कराते हुए आरोपियों के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग की गई है।

Exit mobile version