katniLatestमध्यप्रदेश

मूंगा बाई कॉलोनी में कथित अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की जांच की मांग

कटनी(YASHBHARAT.COM)। श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 35 स्थित मूंगा बाई कॉलोनी में कुछ खसरा भूमियों पर कथित अवैध कब्जा, प्लॉटिंग एवं भूखंडों की बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता नारायण निषाद, निवासी गांधीगंज, कटनी ने संबंधित राजस्व भूमियों की जांच, सीमांकन एवं नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग प्रशासन से की है।

शिकायत में बताया गया है कि उपलब्ध भूमि संबंधी दस्तावेजों में खसरा क्रमांक 90316, 90312, 90619, 90612, 99012, 99016, 97215 एवं 92212 सहित अन्य खसरा नंबरों का उल्लेख है। शिकायतकर्ता ने इन भूमियों की वास्तविक राजस्व स्थिति, स्वामित्व, रकबा और मौके की स्थिति का राजस्व अभिलेखों से मिलान कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित भूमि का मौके पर सीमांकन कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि भूमि किस व्यक्ति या व्यक्तियों के नाम दर्ज है तथा उसका डायवर्जन अथवा भूमि उपयोग परिवर्तन हुआ है या नहीं। यदि मौके पर प्लॉटिंग पाई जाती है तो उसके लिए वैध लेआउट और सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त किए जाने की भी जांच की जाए।

इसके अलावा कॉलोनी में सड़क, नाली, बिजली, मकान निर्माण अथवा अन्य विकास कार्य किस अनुमति के आधार पर किए गए हैं, इसका भी परीक्षण कराने की मांग की गई है। यदि जांच में बिना वैधानिक अनुमति के कब्जा या प्लॉटिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध राजस्व एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

शिकायत में आम नागरिकों के हितों का हवाला देते हुए कहा गया है कि अवैध प्लॉटिंग के मामलों में लोग अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर भूखंड खरीद लेते हैं और बाद में भूमि की वैधानिक स्थिति विवादित होने पर उन्हें सड़क, नाली, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशानी उठानी पड़ती है।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से संबंधित राजस्व अधिकारियों, तहसीलदार एवं नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर स्थल निरीक्षण और सीमांकन कराने तथा जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही जांच के दौरान यदि प्लॉट काटने या बेचने की गतिविधियां जारी मिलती हैं तो नियमानुसार तत्काल रोकथाम की कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

Back to top button