Site icon Yashbharat.com

दलेर मेहंदी विवाद का हुआ अंत: उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन कर मांगी माफी, मीका सिंह की टीम बोली- ‘अब मामला खत्म’

'सबूत दो वरना गाना छोड़ दूंगा': दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों पर भड़के भाई मीका सिंह, बताई बीमारी की सच्चाई

'सबूत दो वरना गाना छोड़ दूंगा': दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों पर भड़के भाई मीका सिंह, बताई बीमारी की सच्चाई

दलेर मेहंदी विवाद का हुआ अंत: उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन कर मांगी माफी, मीका सिंह की टीम बोली- ‘अब मामला खत्म’

यशभारत वेब डेस्क: उत्तराखंड के मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के साथ हुए विवाद पर अब विराम लग गया है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मशहूर गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बात कर माफी मांग ली है। इस बात की पुष्टि गायक मीका सिंह की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर की है।

मीका सिंह की टीम ने क्या कहा?

मीका सिंह की टीम द्वारा जारी बयान में कहा गया, “दलेर पाजी एक बेहद वरिष्ठ और सम्मानित कलाकार हैं, जिन्होंने भारतीय संगीत उद्योग में अमूल्य योगदान दिया है। हर कलाकार सम्मान और गरिमा का हकदार होता है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल जी ने फोन पर दलेर पाजी से बात कर इस पूरे मामले पर खेद जताया है। अब हम आशा करते हैं कि इस विवाद को पीछे छोड़कर सभी लोग आपसी सम्मान और समझ के साथ आगे बढ़ेंगे।”

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी किया था हस्तक्षेप

इससे पहले, मामले के तूल पकड़ने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं संज्ञान लिया था। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मीका सिंह और दलेर मेहंदी से बातचीत की थी और घटना पर खेद व्यक्त किया था। सीएम धामी ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का सहृदय निमंत्रण भी दिया था।

क्या था पूरा विवाद?

यह घटना कुछ दिन पूर्व उत्तराखंड के ऋषिकेश/टिहरी स्थित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी मेले में आयोजित सांस्कृतिक संध्या की है। परफॉर्मेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर आकर दलेर मेहंदी को टोक दिया था और उन पर नशे में होने व लिप-सिंक करने का आरोप लगाते हुए मंच से नीचे उतरने को कह दिया था।

इसके बाद दलेर मेहंदी के छोटे भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह उनके समर्थन में उतर आए थे। मीका ने कहा था कि उनके भाई शराब को हाथ भी नहीं लगाते और घटना के वक्त उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। मीका ने चुनौती देते हुए कहा था कि अगर कोई दलेर मेहंदी को शराब पीते साबित कर दे, तो वे खुद जीवनभर के लिए शराब पीना छोड़ देंगे।

संगीत जगत और फैंस के भारी विरोध के बाद आखिरकार मंत्री सुबोध उनियाल ने अपनी बात पर खेद प्रकट किया, जिसके बाद यह विवाद अब सुलझ गया है।

Exit mobile version