CRPF के 137 जवान अब तक पाए गए कोरोना पॉजिटिव, मुख्यालय किया गया सील

2018 1image 14 00 260179070ads ll

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दक्षिणी दिल्ली के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित मुख्यालय को सोमवार तक के लिए सील कर दिया गया है। अर्धसैनिक विंग के एक बस ड्राइवर के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। शनिवार को ड्राइवर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इसको तुरंत सील कर दिया गया।

सीआरपीएफ के डीआईजी के मुताबिक बिल्डिंग को सेनिटाइज किया जा रहा है। डीआईजी ने बताया कि बस ड्राइवर ऐसे समय में कोरोना संक्रमित पाया गया है जब मयूर विहार फेस-तीन में 135 जवान पहले से ही कोरोना संक्रमित हैं। कुछ मिलाकर अब तक 137 सीआरपीएफ के कर्मचारी और जवान कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार फेज-तीन स्थित सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के कैंप में कोरोना की वजह से कोहराम मचा हुआ है। यहां पिछले 24 घंटे में 71 और जवानों के कोरोना से संक्रमित होने का पता चला है। इस तरह से अब तक यहां कुल 13 जवान कोरोना वायरस से पीड़ित हो चुके हैं। इनमें एक जवान की मौत भी हो गई है। इस कैंप में संक्रमण फैलने से सीआरपीएफ के साथ जिला प्रशासन चिंतित है। साथ ही इस इलाके के आसपास घनी आबादी वाला खोड़ा क्षेत्र भी है। इसलिए इस कैंप को सील कर दिया गया है। इसके साथ हीजिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां पर तैनात की गई है।

सीआरपीएफ के अधिकारियों के अनुसार कैंप में तैनात करीब 480 जवानों की जांच करवाई गई। इसके लिए मोबाइल कोरोना वायरस टेस्टिंग लैब यहां पर तैनात की गई है। इनमें अब तक 458 जवानों की रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें से 135 कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। पिछले 24 घंटे में ही 71 जवानों के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। शुक्रवार को भी यहां 12 मामले सामने आए थे।

गौरतलब है कि यहां संक्रमण का पहला मामला 20 अप्रैल को सामने आया था। उसके संपर्क में आए जवानों को क्वारंटाइन किया गया है। इनमें कुछ जवान संक्रमित पाए गए। इसके बाद यहां सभी जवानों की जांच का फैसला किया गया। अधिकारियों के मुताबिक कुछ दिन पहले एक जवान की कोरोना से मौत हो गई। वह एसआई के पद पर तैनात थे। वहीं अधिकतर जवानों में अभी तक कोई लक्षण सामने नहीं आए हैं। इन सभी को मंडोली जेल परिसर में बने क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती किया गया है।

उधर, दिल्ली में लॉकडाउन का पालन करवा रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 12 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 12 में सात जिन जवानों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है उनकी तैनाती पिछले कुछ सप्ताह से जामिया, जामा मस्जिद और चांदनी महल के इलाके में थी। कोरोना की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने उन्हें नोएडा में स्थित सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) अस्पताल में आइसोलेट कर दिया है।

वहीं, आरकेपुरम स्थित बीएसएफ के अस्पताल में पांच जवान भी कोरोना संक्रमित पाए हैं। दिल्ली के साथ ही त्रिपुरा के बीएसएफ की दो जवानों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे पहले भी तीन बीएसएफ के जवान कोरोना संक्रमित हुए थे। इस तरह से देशभर में बीएसएफ के 17 कर्मी कोरोना संक्रमित हो गए हैं।