284 नन्हें सितारों’ का सृजन-संगम: ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर में खेल, कला, संगीत से तराशा जा रहा भविष्य,20 अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ‘स्कूल से स्किल’ तक की यात्रा

284 नन्हें सितारों’ का सृजन-संगम: ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर में खेल, कला, संगीत से तराशा जा रहा भविष्य,20 अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ‘स्कूल से स्किल’ तक की यात्र

कटनी – ग्रीष्म की तपिश के बीच नगर पालिक निगम कटनी के तीन विद्यालयों में ‘सृजन की शीतल बयार’ बह रही है। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 5 जून से प्रारंभ हुए 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 में निगम स्कूल के 284 छात्र-छात्राओं का उत्साही दल खेल, कला, संगीत, संस्कृति एवं जीवन-कौशल के विविध आयामों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व को नया आकार दे रहा है। विभिन्न 20 अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में चल रहा यह प्रशिक्षण शिविर ‘शिक्षा के साथ दक्षता’ के शासन के संकल्प को जीवंत कर रहा है। इस कार्य में तीनों स्कूलों के प्राचार्य सहित शिक्षकों का सम्पूर्ण स्टाफ भी बखूबी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।

तीन विद्यालय, तीन आयाम, एक ही लक्ष्य – सर्वांगीण विकास

ग्रीष्म कालीन प्रतिभा शिविर को तीन विशेष केंद्रों में विभाजित कर प्रत्येक विधा को गहराई दी जा रही है। साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ‘खेल-कौशल केंद्र’ बना हुआ है, जहां 113 छात्र छात्राएं स्केटिंग, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी एवं टेबल टेनिस के मैदान में बच्चे टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व के पाठ सीख रहे हैं। के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ‘सृजन-केंद्र’ के रूप में पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, कुकिंग, शतरंज और सेल्फ डिफेंस के माध्यम से 109 बच्चों की कल्पनाशीलता, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को धार दे रहा है। वहीं ए. रविन्द्रराव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ‘संस्कृति-केंद्र’ बनकर कत्थक, वेस्टर्न डांस, क्लासिकल म्यूजिक, गायन एवं वादन के सुरों से 62 छात्र छात्राओं की अभिव्यक्ति को नया आकाश दे रहा है।

राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक दे रहे हुनर की दीक्षा’

निगम प्रशासन ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक विधा हेतु ख्यातिलब्ध एवं अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति की है। ये 20 प्रशिक्षक न केवल तकनीक सिखा रहे हैं, बल्कि बच्चों में ‘सीखने की ललक’ भी जगा रहे हैं। शिविर के नौवें दिवस शनिवार के सत्रों में भी बच्चों की आंखों में जिज्ञासा और चेहरे पर सीखने का आनंद साफ झलक रहा था। प्रशिक्षकों का मत है कि नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और उनके व्यवहार में सकारात्मक अनुशासन विकसित हो रहा है।

‘प्रतिभा’ को ‘मंच’ तक ले जाने का संकल्प

निगम प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि हर बच्चे में एक ‘छिपा हुआ सितारा’ है, जिसे सही दिशा और मंच की जरूरत है। यह शिविर उसी दिशा में एक सार्थक कदम है। शिविर में 284 विद्यार्थियों की उत्साहजनक सहभागिता यह सिद्ध करती है कि जब प्रशासन संवेदनशील हो, तो ‘ग्रीष्मावकाश’ बोझ नहीं, ‘सृजन का अवसर’ बन जाता है। निगम प्रशासन का यह प्रयास निश्चित ही इन बच्चों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुअवसर प्रदान करेगा और ‘कौशल युक्त कटनी’ के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।

फोटो

Exit mobile version