Latest

COVID-19: अटलजी की कविता के साथ प्रधानमंत्री का आह्वान, ‘आओ दिया जलाएं’

नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दीया जलाने आह्वान किया है। इस क्रम में उन्‍होंने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का एक वीडियो ट्वीट किया है। बुझी हुई बाती सुलगाएं, आओ फिर से दिया जलाएं। बता दें कि प्रधानमंत्री ने रविवार, 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट तक दीया, मोमबत्‍ती, टॉर्च या मोबाइल का फ्लैशलाइट जलाने का आग्रह किया है। साथ ही उन्‍होंने कहा है कि इस दौरान घर की लाइटें ऑफ कर दें। ‘

अटल जी ने इस कविता में कहा,

‘आओ फिर से दिया जलाएं

भरी दुपहरी में अंधियारा

सूरज परछाई से हारा

अंतरतम का नेह निचोड़ें

बुझी हुई बाती सुलगाएं.

आओ फिर से दिया जलाएं।

हम पड़ाव को समझे मंजिल

लक्ष्य हुआ आँखों से ओझल

वर्तमान के मोहजाल में

आने वाला कल न भुलाएं.

आओ फिर से दिया जलाएं।

आहुति बाकी यज्ञ अधूरा

अपनों के विघ्नों ने घेरा

अंतिम जय का वज़्र बनाने

नव दधीचि हड्डियाँ गलाएं।

आओ फिर से दिया जलाएं।

आओ फिर से दिया जलाएं।’

लोकसभा की पूर्व अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन (Sumitra Mahajan) ने भी प्रधानमंत्री के इस ट्वीट को रिट्वीट किया है और कहा, ‘फिर से दीया जलाएं। देश की एक जुटता की रोशनी के चिराग से नई उम्मीदें आशाएं जगाएं। अटल जी के शब्द हैं। कल रात 9 बजे घर की बालकनी, छत, आंगन, खिड़कियों से रोशनी करके प्रधानमंत्री की इच्छाशक्ति की शक्ति बनना है।’

डेयरी ब्रांड अमूल (Amul) की गर्ल वाली पोस्‍टर भी प्रधानमंत्री के इस आह्वान का समर्थन कर रहा है। इसमें लिखा है- डू द लाइट थींग्‍स,बत्‍ती ऑफ बटर ऑन।

देश में कोरोना वायरस से जंग जारी है। इसे रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 मार्च से देश भर में लॉकडाउन लागू है जो 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। इसके पहले 22 मार्च को उन्‍होंने जनता कर्फ्यू लगाया था और शाम 5 बजे घंटी, शंख, ताली, और थाली बजाने को कहा था।

Back to top button