सुगम एवं सुरक्षित यातायात की दिशा में निगम प्रशासन की पहल, बरगवां से जगन्नाथ चौक ओवरब्रिज तक रोड मार्किंग का कार्य पूर्ण,ब्रिज पर स्पष्ट संकेतकों से यातायात होगा अधिक व्यवस्थित, वाहन चालकों एवं राहगीरों को मिलेगी सुविधा
कटनी। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराया जा रहा है। इसी क्रम में बरगवां से जगन्नाथ चौक ओवरब्रिज तक सड़क पर रोड मार्किंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
लोक परिवहन सर्विस के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर श्री योगेश पवार ने बताया कि ब्रिज पर निर्धारित लेन एवं अन्य आवश्यक संकेतकों की मार्किंग होने से वाहन चालकों को मार्ग पर चलने की स्पष्ट दिशा मिलेगी तथा यातायात संचालन अधिक सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। मार्किंग का कार्य पूर्ण होने से विशेष रूप से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने, लेन अनुशासन बनाए रखने तथा अनावश्यक अव्यवस्था को कम करने में सहायता मिलेगी। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों की सुरक्षा एवं सुविधा को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे ब्रिज पर बनाई गई लेन एवं यातायात संकेतों का पालन करें, निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं तथा सुरक्षित गति बनाए रखें। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और नागरिकों के सहयोग से ही शहर की सड़कों को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सकता है।

