Site icon Yashbharat.com

Coronavirus से राहत, संक्रमण में गिरावट जारी, आज देश में मिले 55 हजार नए केस

images 10

Coronavirus देश में कोरोना संक्रमण में गिरावट जारी है। लगातार नए मामले कम हो रहे हैं और ठीक होने वाले मरीज बढ़ रहे हैं। पिछले दो दिनों से 60 हजार से भी कम नए मामले मिले हैं।

तीन महीने के बाद पहली बार एक दिन में मृतकों का आंकड़ा छह सौ से नीचे आ गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 55,722 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 75.50 लाख हो गया है।

इस दौरान 66,399 मरीज ठीक भी हुए हैं और अब तक कोरोना को मात दे चुके लोगों का आंकड़ा 66.63 लाख पर पहुंच गया है। संक्रमण के चलते और 579 लोगों की मौत भी हुई। इस महामारी ने अब तक 1.14 लाख लोगों की जान ले ली है।

सक्रिय मामले 7.72 लाख रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 10.23 फीसद है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 88.26 फीसद और मृत्युदर घटकर 1.52 प्रतिशत पर आ गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के आंकड़ों के मुताबिक देशभर में रविवार को नमूनों की जांच में कमी आई।

8,59,786 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर 18 अक्टूबर तक कुल 9.50 करोड़ सैंपल्स टेस्ट किए जा चुके थे। संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर प्रभावी तरीके से काबू किया जा रहा है।

इसके चलते पिछले चार दिनों से संक्रमण की दर आठ फीसद से नीचे बनी हुई है। वर्तमान में यह 7.94 फीसद पर है। इस महीने के तीसरे हफ्ते में दैनिक औसत संक्रमण दर 6.13 फीसद है। यह नई तकनीक के सहारे मरीजों पर निगरानी, संभावित मरीजों की पहचान और उनके इलाज पर ध्यान केंद्रित किए जाने से संभव हो सका है।

Exit mobile version