Corona Vaccine News: पुणे में ऑक्सफोर्ड की कोविड वैक्सीन के दूसरे चरण का ट्रायल शुरू
Corona Vaccine News: ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के विकसित किए कोविड-19 के वैक्सीन के क्लीनिकल ट्रायल का दूसरा चरण पुणे में शुरू हो चुका है। इसका उत्पादन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया कंपनी करेगी। इसका परीक्षण भारती विद्यापीठ मेडिकल कालेज और अस्पताल में शुरू कर दिया गया है। इस ट्रायल से गुजरने वाला दूसरा व्यक्ति सांख्यिकी में PHD कर चुका है। 32 साल का यह व्यक्ति एक निजी कंपनी में काम करता है। उन्होंने बताया कि उन्हें जैसे ही सोशल मीडिया के जरिये इस वैक्सीन के ट्रायल का पता चला उन्होंने अस्पताल से संपर्क करके अपना नाम वैक्सीन के ट्रायल के लिए दर्ज कराया। वह महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इन दो लोगों पर बुधवार को वैक्सीन कोविशील्ड का प्रयोग किया गया। इन लोगों की पहचान को गुप्त रखा गया है। हालांकि इस वैक्सीन के ट्रायल का हिस्सा बनने वाले एक 48 वर्षीय डॉक्टर ने अपनी पहचान छिपाने की शर्त पर बताया कि वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वैक्सीन को लेने के एक दिन बाद ही सामान्य महसूस कर रहा है और उसकी दिनचर्या सामान्य चल रही है।
वह एक हेल्थकेयर सेक्टर में काम करता है। पुणे के इस डॉक्टर का कहना है कि उसने दस साल पहले एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) वायरस के लिए भी परीक्षण किया था। उसने बताया कि वह एक मेडिकल कालेज में शिक्षक है और मेडिकल छात्रों में वैक्सीन के ट्रायल के लिए जागरू कता बढ़ाना चाहता है। आइसीएमआर पैनल के मानकों के अनुसार हर बार अस्पताल जाने पर वॉलेंटियर को यात्रा भत्ता मिलेगा।

