Site icon Yashbharat.com

Corona; तब्लीगी जमात के चलते देश में संक्रमण का विस्फोट, एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले

images 2020 03 31T211451.082

नई दिल्ली। दिल्ली के Nizamuddin इलाके में तब्लीगी जमात के एक कार्यक्रम के चलते देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की विस्फोटक स्थिति पैदा हो गई है। मंगलवार को देशभर में 263 नए कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं, जो एक दिन में नए मामलों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

इनमें से ज्यादातर वो लोग हैं जो तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। महाराष्ट्र में भी अचानक संक्रमण के 82 नए मामले सामने आए हैं, जो एक दिन में अब तक सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही देश में कुल कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 1500 को पार कर गई है। जबकि आठ लोगों की मौत हुई है, जो एक दिन में मृतकों की सबसे बड़ी संख्या है। इनको मिलाकर देश में अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों के स्वास्थ्य विभागों के मुताबिक देश में अभी तक संक्रमितों की संख्या 1,574 हो गई है। इनमें 49 विदेशी, संक्रमण से जान गंवाने वाले 46 लोग और पूरी तरह ठीक हो चुके 126 व्यक्ति भी शामिल हैं। बंगाल में मंगलवार को तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और केरल में एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 302 हो गई है। जो 82 नए मामले आए हैं उनमें अकेले मुंबई में ही 59 मामले हैं। इसके अलावा अहमदनगर में तीन जबकि पुणे, ठाणे, वसई, विरार और कल्याण-डोंबिवली में दो-दो मामले शामिल हैं।

तब्लीगी जमात के चलते तमिलनाडु में सबसे ज्यादा नए केस बढ़े हैं। राज्य में 57 नए मामले सामने आए हैं और इनमें 50 वो हैं जो दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राज्य में संक्रमितों की संख्या 124 हो गई है।

तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में राज्य के लगभग डेढ़ हजार लोग शामिल हुए थे, जिनमें से ग्यारह सौ से ज्यादा लौट आए हैं। इनमें से आठ सौ लोगों का पता लगा दिया गया है और क्वारंटाइन में रखा है। राज्य के मुख्य सचिव ने कहा कि इन लोगों को अलग किए जाने के बाद ही कोरोना के प्रसार को रोका जा सकता है।

आंध्र प्रदेश में भी इस कार्यक्रम का व्यापक असर पड़ा है। राज्य में 17 नए केस मिले हैं, जिनमें से 14 वो हैं जो दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राज्यों में संक्रमितों की संख्या 40 हो गई है। अकेले प्रकाशम जिले में ही आठ मामले मिले हैं।

Exit mobile version