कांग्रेस सांसद के भतीजे से गलती से चली गोली: पत्नी की मौत, फिर खुद को भी मारा

गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराजसिंह गोहिल ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। इससे कुछ देर पहले उनकी पत्नी की उसी रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मौत हो गई थी। यह घटना शहर के बोडकदेव इलाके में स्थित एनआरआई टावर की है।

प्रारंभिक जांच में क्या पता चला?
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और यशराजसिंह की मां के बयान से संकेत मिलता है कि गोली गलती से चली थी। इसे जानबूझकर किया गया कृत्य नहीं माना जा रहा है। हालांकि, सच्चाई सामने लाने के लिए पति-पत्नी दोनों के शवों को फॉरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि यह पूरी तरह हादसा था या किसी और वजह से यह घटना हुई।

पुलिस के अनुसार यशराजसिंह गोहिल अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली उनकी पत्नी राजेश्वरी के गले के पास लगी। परिजन तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया। मौके पर पहुंचे पैरामेडिकल स्टाफ ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही यशराजसिंह गहरे सदमे में चले गए।

दो महीने पहले हुई थी शादी
यशराजसिंह गोहिल गुजरात मैरिटाइम बोर्ड में अधिकारी के तौर पर कार्यरत थे। उनकी शादी को अभी केवल दो महीने ही हुए थे। वह पत्नी और मां के साथ बोडकदेव इलाके में रहते थे। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और कहा है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी।

Exit mobile version