Site icon Yashbharat.com

कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ने दो दिनों में कटनी पथरिया के बीच 25 किलोमीटर रेलखण्ड का किया स्पीड ट्रायल

IMG 20240517 WA0011

जबलपुर/कटनी। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ने दो दिनों में कटनी पथरिया के बीच 25 किलोमीटर रेलखण्ड का संरक्षा निरीक्षण स्पीड ट्रायल किया। पश्चिम मध्य रेल में गत वर्ष की तरह इस वित्तीय वर्ष में भी रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को गति प्रदान की जा रही है। जिसमें विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत न्यू लाईन, दोहरीकरण एवं तिहरीकरण जैसे विभिन्न अधोसंरचना के निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निरंतर प्रयास जारी है।

इसी शृंखला में अधोसरंचनात्मक रेल परियोजनाओं को महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के सतत निगरानी में तेज गति के साथ किया जा रहा है। जिसके चलते पहले दिन बुधवार को हरदुआ-न्यू मझगवां फाटक रेलखण्ड कुल 11.81 किलोमीटर का निरीक्षण किया तथा 120 किमी/घंटा की गति से स्पीड ट्रायल भी किया।

वहीं दूसरे दिन गुरुवार 16 मई 2024 को मध्य वृत्त के रेल संरक्षा आयुक्त श्री मनोज अरोरा द्वारा थर्ड लाइन परियोजना के अर्न्तगत जबलपुर मण्डल के कटनी-बीना सेक्शन पर स्थित गणेशगंज-पथरिया रेलखण्ड का कमीशनिंग के उद्देश्य से निरीक्षण किया। इस सेक्शन के निरीक्षण के दौरान पमरे मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री मनोज कुमार अग्रवाल के साथ अन्य अधिकारीगण एवं जबलपुर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक शील एवं अन्य वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मौजूद रहे।

गौरतलब है इस सेक्शन की कुल दूरी 12.908 किलोमीटर है, जिसमें स्टेशन बिल्डिंग, यार्ड, बड़े ब्रिज, छोटे ब्रिज एवं लेवल क्रासिंग शामिल है। इस निर्माणाधीन तीसरी लाइन रेलखण्ड पर रेल ट्रैक, ओ.एच.ई. लाइन, मेजर /माइनर ब्रिजों, स्टेशन बिल्डिंग एवं यार्ड, लेवल क्रासिंग का संरक्षा की दृष्टि से सघन निरीक्षण किया गया l सीआरएस ने गणेशगंज – पथरिया सेक्शन में अधिकतम 120 किमी/घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल भी किया।

पश्चिम मध्य रेल पर कटनी–बीना रेल खंड एक कोल रूट होने के कारण एक अत्यंत व्यस्त रूट है एवं उक्त सेक्शन थर्ड लाइन हो जाने से इस रूट की व्यस्तता में माल यातायात को राहत मिलेगी साथ ही यात्री यातायात का संचालन और भी सुगम हो सकेगा।

Exit mobile version