CM Mohan Yadav Breach In Security: MP सीएम डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, शहडोल के कार्यक्रम में पुलिस की वर्दी पहनकर घुसा युवक
CM Mohan Yadav Breach In Security MP सीएम डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, शहडोल के कार्यक्रम में पुलिस की वर्दी पहनकर घुसा युवक। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के शहडोल पहुंचने से पहले उनकी सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति शराब पीकर नशे की हालत में पुलिस की वर्दी पहने सुरक्षा जवानों के बीच घुस गया और उनके बीच ही खड़ा था। दोपहर 12 बजे के आसपास उस प्वाइंट के पास जा पहुंचा जहां से सीएम मोहन यादव को पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रवेश करना था।
पुलिस के सामने ही खड़ा होकर रौब दिखा रहा था
मध्य प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर युवक पुलिस के सामने ही खड़ा होकर रौब दिखा रहा था। जिस गेट से सीएम यादव को प्रवेश करना है उसी गेट से सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाली लड़कियां प्रवेश कर रही थीं। उसी दौरान वह नशे की हालत में उनके बीच घुस गया और बात करने लगा।
जब मीडियाकर्मियों ने पूछा की अज्ञात पुलिसकर्मी नशे की हालत में लड़कियों से कैसे बात कर रहा है तभी वह भागने लगा।
पुलिसकर्मी उसे कोटवार बताकर किनारे खड़े हो गए
अधिकारियों और पोलिवकर्मियों की मौजूदगी में वह निकलकर भागने लगा लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने उसे नहीं पकड़ा। युवक नशे की हालत में था। वह पुलिस की वर्दी में था। उसकी वर्दी में मध्य प्रदेश पुलिस का फित्ता लगा था। उसके बाद भी पुलिस ने उसे नहीं पकड़ा। कुछ पुलिसकर्मी उसे कोटवार बताकर किनारे खड़े हो गए। गेट के प्रभारी टीआइ रघुवंशी ने बताया कि वह कौन था उसकी हमे जानकारी नहीं। मेरी टीम में 9 लोग हैं उनमें वो शामिल नहीं है। वह कौन था उसका पता लगवाते हैं।