katniमध्यप्रदेश

नगरवासियों को बंदरों की समस्या से मिलेगी राहत,नगर निगम ने शुरू कराया विशेष अभियान, 19 बंदरों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया बंदर पकड़वाने हेतु नागरिकों से निगम के टोल फ्री नंबर 14420 पर संपर्क करने की अपील

नगरवासियों को बंदरों की समस्या से मिलेगी राहत,नगर निगम ने शुरू कराया विशेष अभियान, 19 बंदरों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया बंदर पकड़वाने हेतु नागरिकों से निगम के टोल फ्री नंबर 14420 पर संपर्क करने की अपील

कटनी। नगर क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिक निगम द्वारा नागरिकों को राहत प्रदान करने हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत उत्तरप्रदेश के मथुरा से विशेषज्ञ टीम को बुलाकर बंदरों को पकड़ने की कार्यवाही शुरू कराई गई है।

 

नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र में बंदरों के उत्पात पर नियंत्रण स्थापित कर आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। बंदरों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए यह पहल की गई है।

 

अभियान की शुरुआत मंगलवार को विश्राम बाबा वार्ड से की गई, जहां विशेषज्ञ टीम द्वारा लोक निर्माण कार्यालय परिसर के पीछे पिंजरे स्थापित कर 19 बंदरों को सफलतापूर्वक पकड़ा गया। इस दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे और अभियान की मॉनिटरिंग की।

स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए बंदरों को सुरक्षित रूप से वन क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है, जिससे वे पुनः नगर क्षेत्र में वापस न आ सकें। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में नगर के अन्य वार्डों में भी चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।

 

नगर निगम द्वारा उठाए गए इस कदम से शहरवासियों को बंदरों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें। बंदरों की समस्या से परेशान नागरिक नगर निगम में स्थापित कंट्रोल रूप के टोल फ्री नंबर 1800 233 0877 और 14420 पर संपर्क कर अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि