Site icon Yashbharat.com

महापौर श्रीमती सूरी की जनसुनवाई में नागरिकों ने रखी अपनी समस्याएँ,जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई पर दिया जोर

IMG 20260203 WA0017

महापौर श्रीमती सूरी की जनसुनवाई में नागरिकों ने रखी अपनी समस्याएँ,जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई पर दिया जो

कटनी-नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अभिनव पहल के तहत मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम कार्यालय स्थित मेयर इन काउंसिल कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

जनसुनवाई में महापौर श्रीमती सूरी स्वयं उपस्थित रहीं और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों के आवेदनों, शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा सड़क, सफाई, जलापूर्ति ,खाद्य पर्ची ,अतिक्रमण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नाली-नालों की समस्या सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। महापौर ने प्रत्येक आवेदन पर व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से जिन मामलों में त्वरित निराकरण संभव था, उन्हें मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।।

महापौर ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि आने वाले मंगलवारों को भी निर्धारित समय पर जनसुनवाई कार्यक्रम जारी रहेगा, ताकि शहरवासियों की समस्याओं का निरंतर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Exit mobile version