Saturday, May 2, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

ठिठुरा मध्यप्रदेश न्यूनतम तापमान में गिरावट, कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

भोपाल। सर्द हवाएं चलने से गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात मालवा क्षेत्र को छोड़कर अन्य इलाकों में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। वहीं शुक्रवार की रात सबसे कम 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में रिकार्ड हुआ।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक चक्रवाती तूफान दित्वाह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। रविवार सुबह तक इसके उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है।

मध्य प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। दिन का सबसे अधिक 31 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इन मौसम प्रणालियों के चलते प्रदेश में अलग-अलग प्रकृति की हवाएं चल रही हैं। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी क्षेत्र के जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जबकि, पश्चिमी क्षेत्र में पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने से रात का तापमान सामान्य या उससे अधिक बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम