Site icon Yashbharat.com

By Election in MP: कंप्यूटर बाबा लौटे, उपचुनाव में कांग्रेस के लिए करेंगे प्रचार

computer baba returned mp news

By Election in MP: भोपाल। नामदेव दास त्यागी उर्फ कंप्यूटर बाबा एक बार फिर सियासत के मैदान में उतर आए हैं। वे खंडवा संसदीय क्षेत्र सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। इसकी शुरुआत मंगलवार को खंडवा संसदीय क्षेत्र के सतवास और कांटाफोड़ से होगी। इस दौरान वे संत समागम से लेकर अलग-अलग कार्यक्रम करेंगे। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के बाद से कंप्यूटर बाबा सियासी परिदृश्य से लगभग गायब थे। उन्होंने 2018 के विधानसभा, 2019 के लोकसभा और वर्ष 2020 के उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में काम किया था। चुनाव के बाद इंदौर जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी, जिसके बाद से वे राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय नहीं थे। अब एक बार फिर वे कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। 12 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक वे खंडवा संसदीय क्षेत्र के विभिन्न् क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।

कमल नाथ खंडवा से प्रारंभ करेंगे चुनाव अभियान

उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मंगलवार को खंडवा संसदीय क्षेत्र से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। वे दादा धूनी वाले बाबा आश्रम में दर्शन करने के बाद प्रबुद्धजनों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करके कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पूरनी के पक्ष में सभा को संबोधित करेंगे।

उपचुनाव वाले क्षेत्रों के बदमाशों की जानकारी तलब

भोपाल। पुलिस मुख्यालय ने मध्य प्रदेश में लोकसभा की एक और विधानसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव वाले क्षेत्रों से बदमाशों की जानकारी मांगी है। इनमें ऐसे बदमाशों को चिह्नित करने को कहा गया है, जो चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। पूर्व में इस प्रकार के मामलों में लिप्त रहे बदमाशों के बारे में भी अवगत कराने को कहा गया है। गंभीर मामलों में लिप्त रहे लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने पर इनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

Exit mobile version