Site icon Yashbharat.com

By Election बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी घोषित

bjp congress

Election बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित कर दिए। बुधनी में पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल पर दांव लगाया गया है तो विजयपुर में आदिवासी दांव खेलते हुए मुकेश मल्होत्रा पर भरोसा जताया है। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आसाम के साथ मध्य प्रदेश विधानसभा के उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची भी जारी की।

पटेल दिग्विजय खेमे से आते हैं पर उनके सभी वरिष्ठ नेताओं से अच्छे संबंध रहे हैं। उनकी भाभी मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल भोपाल की महापौर रह चुकी हैं। पटेल उस समय विवादों में घिरे थे जब उन्हें पार्टी ने सुषमा स्वराज के विरुद्ध विदिशा संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था पर समय पर बी फार्म जमा न करने के कारण उनका नामांकन पत्र निरस्त हो गया था।

पार्टी ने श्योपुर जिले में आने वाले विधानसभा क्षेत्र विजयपुर में आदिवासी कार्ड खेला है। यहां मुकेश मल्होत्रा को प्रत्याशी बनाया है, जिन्होंने 2023 का चुनाव निर्दलीय लड़कर 22 हजार 128 मत प्राप्त किए थे। यहां से उनका ही एकमात्र नाम प्रस्तावित किया था। मल्होत्रा का मुकाबला भाजपा के रामनिवास रावत से होगा, जो मोहन सरकार में वन मंत्री हैं।

क्षेत्र में आदिवासियों की बड़ी संख्या को देखते हुए पार्टी ने मल्होत्रा पर दांव लगाया है। रावत 2023 में कांग्रेस के टिकट पर भाजपा के बाबूलाल मेवरा को हराकर विधानसभा पहुंचे थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव के समय पार्टी छोड़ी और फिर विधानसभा की सदस्यता छोड़कर भाजपा में शामिल हुए।

मुझे टिकट की आवश्यकता नहीं;कार्तिकेय

बुधनी विधानसभा सीट पर उप चुनाव में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उत्तराधिकारी के रूप में भाजपा ने रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया है। नामों के पैनल में शिवराज के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान का भी नाम शामिल था।

 

Exit mobile version