Breking news -दशहरा महोत्सव के होर्डिंग हटाने पर बवाल, नगर निगम में समिति का प्रदर्शन
मिशन चौक से बैनर हटाने पर भड़के आयोजन समिति के सदस्य, भगवान की तस्वीर गिराने से धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरो
कटनी। श्री बजरंग उत्सव समिति द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव के रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए मिशन चौक पर लगाए गए होर्डिंग को नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा हटाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई से आक्रोशित आयोजन समिति के सदस्यों ने नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान निगम कार्यालय में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं होने से समिति के सदस्यों में नाराजगी देखी गई।
समिति के सदस्यों का आरोप है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर लगे हुए हैं, लेकिन उन्हें हटाने की कार्रवाई नहीं की जाती। वहीं, शारदेय नवरात्र के अवसर पर आयोजित दशहरा महोत्सव के प्रचार के लिए लगाए गए बैनर को जिस तरीके से हटाया गया, वह अनुचित है। समिति का आरोप है कि होर्डिंग हटाने के दौरान भगवान की तस्वीर नीचे गिरा दी गई, जिससे हिंदू धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
आयोजन समिति ने कार्रवाई के तरीके पर आपत्ति जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा है। घटना को लेकर समिति के सदस्यों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक आयोजनों से जुड़े प्रचार माध्यमों को हटाते समय मर्यादा और संवेदनशीलता बरतने की मांग की है।

