Black Paper: सरकार के ‘श्वेत पत्र’ के जवाब में ब्ल क पेपर’ कांग्रेस ला सकती है। कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के 10 साल के खिलाफ केंद्र सरकार की ओर से लाए जाने वाले ‘श्वेत पत्र’ का जवाब देने के लिए विपक्षी पार्टी ने खास रणनीति तैयार कर ली है। कांग्रेस इसके जवाब में मोदी सरकार के 10 साल पर ‘ब्लैक पेपर’ लाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इसे सदन में पेश कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
इससे पहले संसद के वर्तमान बजट सत्र को एक दिन बढ़ाकर 10 फरवरी तक कर दिया गया। राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ और लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला ने बीते दिन इसकी घोषणा की। उच्च सदन में सुबह कार्यवाही शुरू होते ही धनखड़ ने बताया कि कार्य मंत्रणा समिति की मंगलवार को हुई बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई थी। इस दौरान सभी दलों के नेताओं ने राज्यसभा की बैठक 10 फरवरी तक बढ़ाए जाने पर सहमति जताई।
न तो शून्यकाल होगा और न ही प्रश्नकाल
धनखड़ ने कहा कि 10 फरवरी को बैठक के दिन न तो शून्यकाल होगा और न ही प्रश्नकाल। लोकसभा में प्रश्नकाल समाप्त होते ही ओम बिरला ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री ने प्रस्ताव किया है कि आवश्यक सरकारी कामकाज को निपटाने के लिए 17वीं लोकसभा के 15वें सत्र को 10 फरवरी तक बढ़ा दिया जाए। सांसदों ने ध्वनिमत से स्वीकार भी कर लिया।
