BJP-JDU के बीच शुरू हुआ वार-गिरिराज के ट्वीट पर मचा है बवाल

पटना। लोकसभा चुनाव और उसके नतीजों के बाद पीएम मोदी की कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के बाद बिहार की राजनीति तेजी से बदल रही है। बदल रही परिस्थितियों में जहां एक ओर इफ्तार पार्टी ने कयासों को हवा दे दी है तो वहीं आज केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर नया शिगूफा छोड़ दिया है जिसपर बवाल मच गया है। जदयू ने उनके ट्वीट का करारा जवाब दिया है तो उसमें हम नेता ने भी हां में हां मिलायी है।

गिरिरज सिंह ने रामविलास पासवान और जीतनराम मांझी की इफ्तार पार्टी की तस्वीरें पोस्ट करते हुए ट्वीट कर लिखा है कि कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फ़ोटो आते??…अपने कर्म धर्म मे हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावा में आगे रहते है???

जदयू ने दिया गिरिराज को करारा जवाब

उनके इस ट्वीट पर जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा है कि देश संविधान से चलता है और बिहार में सभी धर्मो का सम्मान होता है। हर व्यक्ति को धार्मिक स्वतंत्रता मिली हुई है। हमारा भाव सहिष्णुता, करुणा और दया है।

नीरज कुमार के बाद जदयू नेता अशोक चौधरी ने भी गिरिराज सिंह को करारा जवाब देते हुए कहा है कि ‘गिरिराज के बयान को हम प्रमुखता से नहीं लेते हैं। जब समय था तो हम भी उनसे मिलने जाते थे। आज वो 4 लाख वोट से जीत क्या गए? नई भाषा बोल रहे हैं।

गिरिराज सिंह ट्वीट पर जदयू नेता श्याम रजक ने जुबानी हमला करते हुए कहा कि ‘गिरिराज सिंह केंद्रीय मंत्री बनाये गए हैं वे अपनाकाम करें। काम करने के बदले बयान देकर चेहरा ना चमकाएं। सुशील मोदी भी करते हैं इफ्तार का आयोजन।

हम पार्टी ने भी जतायी नाराजगी

गिरिराज सिंह के ट्वीट पर हम ने भी पलटवार किया है। पार्टी के प्रवक्ता डॉक्टर दानिश रिजवान ने कहा है कि गिरिराज बताएं कि नवरात्र पर कब दिया था फलाहार दावत? धार्मिक मामलों पर हस्तक्षेप करने से बचें गिरिराज सिंह। नीतीश कुमार सेकुलर नेता उनपर टिप्पणी करना कहीं से ठीक नहीं है।

गिरिराज सिंह विवादित ट्वीट और विवादास्पद बयानबाजी के लिए मशहूर हैं। एेसे में आज के उनके ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

Exit mobile version