25 जून आपातकाल की बरसी को संविधान हत्या दिवस के रूप में मना कर भाजपा ने लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मा
कटनी। देश में लगाए गए आपातकाल के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कटनी द्वारा आज जिला कार्यालय में ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आपातकाल का विरोध करने के कारण जेल जाने वाले लोकतंत्र सेनानियों (मीसा बंदियों) तथा उनके परिजनों को लोकतंत्र की रक्षा में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन, पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों का अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं सम्मान पत्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सेनानी सर्व श्री संतोष असाटी, श्री संत कुमार असाटी, श्री रामसुजन सोनी, श्री जयप्रकाश निगम मन्तू ,श्री काशीराम राय, श्री विजय टीपा, श्री गया प्रसाद चौरसिया, श्री रमेशचंद्र जैन सहित अन्य लोकतंत्र सैनानी एवं लोकतंत्र प्रहरी सहित महापौर श्रीमति प्रीति सूरी, मछुआ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री श्याम निषाद श्री रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री वागीश आनंद ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक एवं जिला मीडिया प्रभारी श्री आशुतोष शुक्ला ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसा बंदियों और उनके परिवारों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक काला अध्याय था, जिसमें नागरिक अधिकारों का हनन किया गया, लेकिन लोकतंत्र सेनानियों ने तमाम यातनाएं सहकर भी अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों से समझौता नहीं किया। पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन ने अपने पूज्य पिताश्री स्वर्गीय निर्मल चंद जैन के आपातकाल के दौरान के संघर्ष और उन्हें झेलनी पड़ी यातनाओं के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिया गया उनका योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। लोकतंत्र सेनानी श्री रमेश चंद्र जैन ने भी आपातकाल के दौर की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों को स्मरण किया।
कार्यक्रम में जिले भर से आए मीसा बंदियों अथवा उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं लोकतंत्र सेनानियों के परिजन उपस्थित रहे।