भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश को बदहाल किया, जनता बदलाव चाहती है: जीतू पटवारी

भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश को बदहाल किया, जनता बदलाव चाहती है: जीतू पटवार

कटनी। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत कटनी पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है, जबकि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में शायद ही कोई ऐसा सरकारी कार्यालय बचा हो, जहां बिना पैसे के आम नागरिक का काम हो सके। आए दिन रिश्वतखोरी से जुड़े वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जो सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम इसका स्पष्ट प्रमाण हैं। जनता ने भाजपा को सत्ता से हटाकर यह संदेश दिया है कि वह बदलाव चाहती है और कांग्रेस संगठन पर भरोसा जता रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए और 20 मंत्रियों की ड्यूटी लगाई, इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर भाजपा को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता का फैसला पूरे प्रदेश की जनभावना को दर्शाता है।

जीतू पटवारी ने बताया कि वह जल्द ही पुनः कटनी जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा, ताकि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

छात्रों के आंदोलन और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब देश के बच्चों और उनकी शिक्षा की सुरक्षा का सवाल आया तो राहुल गांधी ने गैर-राजनीतिक भाव से आगे बढ़कर उनकी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ अलग-अलग प्रकार की यातनाएं हुईं, जिसके विरोध में कांग्रेस ने उनका साथ दिया।

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला सहित कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version