BJP विधायक का विवादित बयान- गो तस्करी करोगे तो मरोगे ही

बंसूर। अकसर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले रामगढ़ के भाजपा विधायक ज्ञान देव आहूजा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। आहूजा ने गो तस्करों को लेकर एक विवादित बयान देते हुए कहा कि गौ तस्करी और गौकशी करोगे तो यूं ही पिट-पिट कर मरोगे। उन्होंने कहा कि गोतस्करों को जनता ने पीटा है और वे आरोप गोरक्षकों पर लगा रहे हैं।

गौरतलब है कि अलवर जिले के बंसूर क्षेत्र में शनिवार सुबह खिलोरा ग्राम पंचायत के यादव नगर गांव में कुछ लोगों ने गो तस्करों का वाहन पकड़ा। जिसके बाद इसमें से कई गोवंशों को मुक्त करवाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कथित तस्कर 46 वर्षीय जाकिर को पकड़ कर जमकर पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे बचा लिया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि जाकिर अपने तीन साथियों के साथ अलवर के बानसूर क्षेत्र से गाय लेकर हरियाणा जा रहा था उसके अन्य साथी फरार हो गए।

आहूजा पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
भाजपा विधायक ने जाकिर की पिटाई की बात से इनकार करते हुए कहा कि ट्रक के पलटने के चलते वह घायल हुआ है। उन्‍होंने कहा कि अगर इस तरह से गाय की तस्‍करी करते रहे तो तुम्‍हारी हत्‍या कर दी जाएगी। बता दें कि आहूजा इससे पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। जेएनयू मामले पर उन्होंने कहा था कि वहां रोजाना शराब की 4000 बोतलें, सिगरेट के 10 हजार फिल्टर, बीड़ी के 4000 टुकड़े, हड्डियों के छोटे-बड़े 50 हजार टुकड़े, चिप्स के 2000 रैपर्स और 3000 इस्तेमाल किए गए कंडोम मिलते हैं।

Exit mobile version