Site icon Yashbharat.com

BJP मंत्री और नेताओं ने की ऑक्सीजन टैंकर की पूजा? कांग्रेस ने लगाए ऐसी लापरवाही के आरोप

20210419 080529

इंदौर में ऑक्सीजन टैंकर को पूजा के लिए रोकने पर विवाद हो गया है। कोविड-19 के मरीजों के लिए गुजरात के जामनगर से ऑक्सीजन लेकर इंदौर पहुंचे टैंकर के सामने राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और अन्य भाजपा नेताओं द्वारा पूजा-पाठ करने पर विवाद खड़ा हो गया।

प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने मीडिया कवरेज की भूख के चलते टैंकर को ऐसी नाजुक घड़ी में शहर के दो स्थानों पर देर तक रोके रखा, जब शहर के अस्पतालों में भर्ती महामारी के गंभीर मरीज मेडिकल ऑक्सीजन का इंतजार कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने रविवार को कहा कि जामनगर से ऑक्सीजन लेकर शनिवार रात इंदौर पहुंचे टैंकर को यहां चंदन नगर चौराहे पर लगभग एक घंटे तक रोका गया।

ताकि सिलावट और अन्य भाजपा नेता पूजा-पाठ के बहाने मीडिया कवरेज की अपनी भूख मिटा सकें। उन्होंने कहा कि जब यह टैंकर चंदन नगर चौराहे से शहर के एक फिलिंग स्टेशन पहुंचा, तो भाजपा नेता वहां भी आ गए और उसके सामने पूजा-पाठ के बहाने अपनी तस्वीरें खिंचवाईं।

 

 

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नेताओं ने यह पूरी नौटंकी उस वक्त की, जब शहर के अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन की भारी कमी के चलते महामारी के गंभीर मरीज एक-एक सांस के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो आये हैं, जिनमें जल संसाधन मंत्री सिलावट, भाजपा की शहर इकाई के अध्यक्ष गौरव रणदीवे और अन्य भाजपा नेता ऑक्सीजन टैंकर के सामने पूजा-पाठ के दौरान नारियल फोड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि एक पुरोहित मंत्रोच्चार करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान भाजपा नेता टैंकर के सामने खड़े होकर मीडिया के कैमरों के सामने पोज देते भी दिखाई दे रहे हैं।

Exit mobile version