Tuesday, May 12, 2026
Latest:
Latest

BJP ने ली चुटकी: कहा- राहुल जी सुझाव देने से पहले अध्ययन कर लिया करें

नई दिल्ली। भाजपा ने राहुल गांधी को याद दिलाया है कि वह सुझाव देने से पहले अध्ययन कर लिया करें। पार्टी प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार सबको साथ लेकर, सबके साथ संवाद कर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और हर जरूरतमंद का ख्याल रखा जा रहा है। लिहाजा राहुल को अर्धशतक के निकट पहुंच चुके कांग्रेस के युवा नेता को अब व्यावहारिक हो जाना चाहिए और रचनात्मक और तथ्यात्मक सुझाव के साथ आगे आना चाहिए।

पीएम मोदी लगातार मुख्यमंत्रियों से चर्चा कर रहे हैं और ले रहे हैं सुझाव

दरअसल, राहुल ने गरीबों के हाथ में पैसा देने के साथ साथ कोरोना मामले में मुख्यमंत्रियों को फैसला लेने की शक्ति देने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि अगर यह लड़ाई पीएमओ में केंद्रित रह गई तो हम लड़ाई हार जाएंगे। उनके इस बयान पर हमलावर सुधांशु ने कहा कि राहुल गांधी की यह फितरत है कि वह जानकारी के बगैर आ जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी लगातार सभी मुख्यमंत्रियों से चर्चा कर रहे हैं। उनसे सुझाव ले रहे हैं। इसका उदाहरण है कि लॉकडाउन दो के विस्तार की घोषणा से पहले ही पंजाब, महाराष्ट्र, ओडिशा और तेलंगाना ने लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की कर दी। प्रधानमंत्री ने बाद में इसकी घोषणा की।

सरकार ने गरीबों को 1.7 लाख करोड़ का पैकेज दिया

यह संकट सिर्फ भारत का नहीं बल्कि मानवजाति का है। इससे निपटने के लिए व्यापक सोच की जरूरत है जो मोदी ने प्रदर्शित की है। जहां तक गरीबों के हाथ पैसे देने का सुझाव है, वह भी पहले ही लागू किया जा चुका है। सरकार ने गरीबों के लिए 1.7 लाख करोड़ का पैकेज दिया था। लगभग 39 करोड़ लोग इससे सीधे तौर पर लाभान्वित हुए थे। जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है उन्हें भी राशन दिया जा रहा है।

सुधांशु ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि ऐसी घड़ी में सांप्रदायिक राजनीति की जा रही है और सरकार के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जाने का प्रयास किया जा रहा है। यह वक्त वाद विवाद का नहीं बल्कि सहयोग का है और मुख्य विपक्षी दल को भी अपने कर्तव्यों का थोड़ा तो अहसास होना ही चाहिए।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम