कटनी। भाजपा ने अपने संगठन चुनाव को संगठन पर्व का नाम दिया है। आज बीजेपी कार्यलय में भारी गहमागहमी दावेदारों और उनके समर्थकों की सक्रियता तथा हंसीखुशी के माहौल के बीच सचमुच में नजारा किसी त्यौहार जैसा ही दिख रहा था। दिनभर रायशुमारी के रूप में नए जिलाध्यक्ष का ईलेक्शन चलता रहा ये और बात है कि इस इलेक्शन के बाद प्रदेश नेतृत्व किसका सलेक्शन करता है अगले 3 दिन भाजपा नेताओं के लिए अहम होंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष चुनने आज जिला कार्यालय में रायशुमारी चलती रही। जिला निर्वाचन अधिकारी जयसिंह कुशवाहा एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र तिवारी ने मंडल अध्यक्षों एवं जिला प्रतिनिधियों सहित अन्य वरिष्ठ भाजपाजनों की राय जानी। रायशुमारी के दौरान गहमा-गहमी का माहौल रहा। अध्यक्ष बनने के इच्छुक दावेदार अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कवायद में व्यस्त रहे।
जानकारी के मुताबिक रायशुमारी के नतीजे लिफाफे में बंद होकर भोपाल जाएंगे और भोपाल से ही घोषणा होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष बनने आधा दर्जन से ज्यादा प्रबल दावेदार सामने आए हैं। एक सप्ताह से कटनी से लेकर भोपाल तक लॉबिंग का सिलसिला चल रहा था। मौजूदा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी के साथ ही महापौर शशांक श्रीवास्तव, विजय शुक्ला, रामरतन पायल, रवि खरे, आशीष गुप्ता, कैलाश जैन सोगानी, हरिशंकर गर्ग,शैलेन्द्र जैन कंजे, राजेश गर्ग, उदयराज सिंह, ललित जायसवाल, अश्वनी गौतम आदि प्रमुख दावेदार मौजूद रहकर समर्थन जुटाते रहे।
निर्वाचन अधिकारी के सामने विधायकों, पूर्व विधायकों, मंडल अध्यक्षों, जिला प्रतिनिधियों, जिला महामंत्रियों सहित अन्य वरिष्ठ भाजपाजनों ने नये जिलाध्यक्ष को लेकर अपनी राय रखी। कुछ ने समूहों में जाकर तो कुछ व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी पसंद से अवगत कराया। रायशुमारी में आई कार्यकर्ताओं की पसंद लिखित रूप से लिफाफे में बंद होकर भोपाल जाएगी और वहीं से घोषणा होगी। रायशुमारी के दौरान विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक, प्रणय पांडे, संदीप जायसवाल, ममता पटेल, चमनलाल आनंद, वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रभान पांडे, रमेश शुक्ला, संतोष जायसवाल, मृदुल द्विवेदी, अर्पित पोद्दार, शैलेंद्र जैन कंजे, सत्यनारायण अग्रहरि, सतीश तिवारी आदि की मौजूदगी रही।