
पटनाःरविवार को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि भाजपा-जदयू का गठबंधन बरकरार रहेगा। 2019 के आगामी लोकसभा चुनाव पीएम मोदी और नीतीश कुमार मिलकर लड़ेंगे। इसके साथ ही पार्टी ने एक देश-एक चुनाव का समर्थन किया है।


मालूम हो कि गिरिराज सिंह ने शनिवार को बिहार दंगे के आरोपियों से मुलाकात के दौरान बिहार सरकार पर हिंदुओं को गलत मामले में फंसाने का आरोप लगाया था। राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से पहले शनिवार को सीएम ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी जिसमें उन्होंने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि बिहार में जदयू-भाजपा का गठबंधन जारी रहेगा।

अब इन सबके बीच सबकी निगाहें लोजपा के अध्यक्ष रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान पर भी टिकी हुई हैं। जहां एक तरफ पासवान ने बिहार एनडीए को एक जुट बताया था वहीं बेटे चिराग ने कहा था कि तेजस्वी के साथ काम भी कर सकते हैं, राजनीति में कुछ भी हो सकता है। इसी बीच राजद नेता रघुवंश प्रसाद ने बयान जारी करते हुए कहा था कि रामविलास पासवान और उपेंद्र कुशवाहा बहुत जल्द महागठबंधन में शामिल होंगे।









