गैस सिलेंडर चोर गिरोह को पकड़ने में बिलहरी चौकी पुलिस को मिली सफलता, आधा दर्जन सदस्य चढ़े हत्थे, 57 गैस सिलेंडर सहित 14 लाख का सामान बरामद

कटनी(YASH BHARAT.COM)। जिले में गैस गोदामों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर गिरोह को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। बड़वारा और बिलहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 57 सिलेंडर, एक पिकअप वाहन और एक पल्सर बाइक बरामद की गई है। जप्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपए आंकी गई है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिले के एनकेजे, बिलहरी और बड़वारा क्षेत्रों में लगातार हो रही सिलेंडर चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। 17 जनवरी 2026 की रात बिलहरी के भारत गैस गोदाम से 44 सिलेंडर चोरी होने के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया और डीएसपी(मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय की टीम को मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से अहम सुराग मिले। पुलिस ने कन्हवारा-विजयराघवगढ़ रोड पर एक संदिग्ध पिकअप को घेराबंदी कर पकड़ा। जिसके बाद पिकअप चालक सन्नी दाहिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपने अन्य साथियों—मनोज उर्फ रोहित, संदीप काछी, सलोक कुशवाहा और मंजू उर्फ जयदेव पटेल के नाम उजागर किए। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने न केवल बिलहरी बल्कि बड़वारा और एनकेजे क्षेत्रों से भी भारी मात्रा में सिलेंडर चोरी किए थे। चोरी किए गए सिलेंडरों में से कुछ को उन्होंने नासिर हुसैन (निवासी लमतरा) को बेच दिया था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अब तक कुल 57 सिलेंडर बरामद किए हैं। जिसमें भारत गैस के 24 सिलेंडर, इन्डेन गैस के 28 सिलेंडर, एचपी गैस के 03 सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक पिकअप और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार कुल 47 और सिलेंडरों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।








