बीजापुर: नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, छह माओवादी ढेर – ऑटोमैटिक हथियार बरामद
बीजापुर: नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, छह माओवादी ढेर - ऑटोमैटिक हथियार बरामद
बीजापुर: नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, छह माओवादी ढेर – ऑटोमैटिक हथियार बरामद। बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुबह 10 बजे से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई। जानकारी के अनुसार अब तक 6 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से ऑटोमैटिक हथियार, इंसास रायफल, स्टेनगन, .303 रायफल, विस्फोटक सामग्री सहित भारी मात्रा में माओवादी सामग्री भी जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आज सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों से मुठभेड़ शुरू हुई, जो सुबह 10 बजे से रुक-रुक कर जारी है। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने मुठभेड़ स्थल से 6 माओवादियों के शव बरामद किए हैं।
मुठभेड़ स्थल से हथियारों और विस्फोटकों के साथ माओवादी सामग्री भी मिली है। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज, सुन्दरराज पी. ने कहा कि आज के अभियान का परिणाम, जिसमें 06 कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं, सुरक्षाबलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है। यह सफलता ऐसे समय में मिली है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है।
डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर, सीआरपीएफ, सीएएफ पुलिस बल की अतिरिक्त टीमें आसपास के क्षेत्रों में भेजी गई हैं, ताकि अन्य फरार माओवादी कैडरों की घेराबंदी की जा सके। चूंकि ऑपरेशन अभी जारी है।
इसलिए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की जा सकती, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभियान पूर्ण होने के पश्चात विस्तृत रिपोर्ट अलग से साझा की जाएगी।