Latest

महाराष्ट्र में रेलवे का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: ₹493 करोड़ की लागत से बनेगी 38 किमी नई रेल लाइन; यवतमाल और चंद्रपुर के माइनिंग हब को सीधा फायदा

महाराष्ट्र में रेलवे का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: ₹493 करोड़ की लागत से बनेगी 38 किमी नई रेल लाइन; यवतमाल और चंद्रपुर के माइनिंग हब को सीधा फायदा

नागपुर/मुंबई (यश भारत डॉट कॉम)। भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र के औद्योगिक और खनन क्षेत्रों को रफ्तार देने के लिए एक महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है। साउथ सेंट्रल रेलवे (SCR) के तहत मुकुटबन (यवतमाल) से गडचांदूर (चंद्रपुर) के बीच 38.21 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस पूरी परियोजना पर करीब ₹493 करोड़ की लागत आने का अनुमान है

इस नई रेल लाइन के बनने से यवतमाल और चंद्रपुर जिलों में स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की कोयला खदानों, चूना-पत्थर (Limestone) की खदानों और बड़े सीमेंट प्लांट्स को सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे माल की ढुलाई कहीं अधिक सुगम हो जाएगी

परियोजना की मुख्य विशेषताएं और फायदे

  • माल ढुलाई और MEMU ट्रेनें: डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के मुताबिक, इस रेल मार्ग से हर साल करीब 6.08 मिलियन टन (MTPA) माल ढुलाई होने का अनुमान है। इसके अलावा, स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में 2-2 MEMU पैसेंजर ट्रेनें चलाने की योजना है

  • दूरी और समय की बचत: नई लाइन से मौजूदा रूट की तुलना में एक छोटा और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे कोयला, सीमेंट, स्पंज आयरन, लोहा-इस्पात, उर्वरक और खाद्यान्न के परिवहन का समय और लागत दोनों घटेंगे

  • वर्धा-माणिकगढ़ रूट का लोड होगा कम: यह नई लाइन वर्धा-माणिकगढ़ रेल सेक्शन और बाल्हारशाह-नागपुर हाई डेंसिटी नेटवर्क (HDN) पर मालगाड़ियों के भारी दबाव को कम करने में मदद करेगी

मजरी-नांदेड रूट से डायरेक्ट कनेक्टिविटी

इस नई रेल लाइन के जरिए स्थानीय कोयला और सीमेंट क्लस्टर को मजरी-नांदेड रेल मार्ग से सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इससे महाराष्ट्र के जालना, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) तथा पड़ोसी राज्य कर्नाटक तक कोयला और सीमेंट बहुत ही कम दूरी तय करके आसानी से पहुंचाया जा सकेगा

रेलवे के अनुसार, यह परियोजना यवतमाल और चंद्रपुर के पिछड़े और कम रेल नेटवर्क वाले क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों, खनन उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को तेजी से बढ़ाएगी

Back to top button