भोपाल में बड़ी वारदात: सेवानिवृत्त IAS अफसर राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या, घर का नौकर संदिग्ध; पुलिस जांच में जुटी
भोपाल में बड़ी वारदात: सेवानिवृत्त IAS अफसर राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या, घर का नौकर संदिग्ध; पुलिस जांच में जुटी
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित सूरज नगर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेवानिवृत्त आईएएस (IAS) अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर में गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की भनक लगते ही रातीबड़ थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक (FSL) टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के साथ घर में रहते थे पूर्व अफसर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरज नगर स्थित अपने निजी निवास में रह रहे थे। हत्या के वक्त भी वे अपनी पत्नी के साथ घर पर ही मौजूद थे।
घर का नौकर गायब, हत्या का शक गहराया
मामले की शुरुआती तफ्तीश में घर पर काम करने वाले नौकर पर हत्या का गहरा संदेह जताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात के बाद से ही घरेलू नौकर अचानक गायब है।
पुलिस की प्राथमिक थ्योरी के आधार पर नौकर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से मौके से जरूरी फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का जल्द से जल्द खुलासा किया जा सके।