स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, दिल्ली के लिए चार दिन पार्सल सेवा बंद
स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, दिल्ली के लिए चार दिन पार्सल सेवा बं
जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र में पार्सल परिवहन को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। 11 से 14 अगस्त तक दिल्ली के लिए पार्सल की बुकिंग और डिलीवरी बंद रहेगी। इस निर्णय का असर जबलपुर से दिल्ली सामान भेजने वाले यात्रियों और कारोबारियों पर भी पड़ेगा।
रेलवे के अनुसार इस अवधि में नई दिल्ली, दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला और आदर्श नगर स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग एवं डिलीवरी नहीं होगी। दिल्ली क्षेत्र के लिए अन्य स्टेशनों से भेजे जाने वाले पार्सल पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा।
रेलवे ने सामान्य पार्सल के साथ लीज्ड एसएलआर, एजीसी और वीआईपी कोच के माध्यम से होने वाले पार्सल परिवहन को भी प्रतिबंध के दायरे में रखा है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था चार दिनों के लिए लागू की गई है।
14 अगस्त के बाद सामान्य होगी सेवा
प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बाद दिल्ली क्षेत्र के लिए पार्सल बुकिंग और डिलीवरी की सामान्य व्यवस्था बहाल की जाएगी। ऐसे में जबलपुर सहित अन्य शहरों से दिल्ली सामान भेजने वाले यात्रियों और व्यापारियों को निर्धारित अवधि के बाद ही पार्सल सेवा का उपयोग करना होगा।