Site icon Yashbharat.com

पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला, टी20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान

t20 world cup pakistan to boycott india match hindi news 2026 02 01 20 37 09

दिल्ली(YASHBHARAT.COM)। भारत के खिलाफ पाकिस्तानी टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना है। पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद अब आईसीसी और बीसीसीआई की प्रतिक्रिया का इंतजार है। पाकिस्तानी सरकार ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इस मंजूरी के साथ सरकार ने एक अहम शर्त भी रखी है। सरकारी आदेश के अनुसार पाकिस्तानी क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेगी। यानी टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी तो होगी, लेकिन बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला से वो दूरी बनाएगा। गवर्नमेंट ऑफ पाकिस्तान के आधिकारिक X हैंडल से ट्वीट करके इस बात की घोषणा की गई है। इसमें कहा गया, ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच नहीं खेलेगी। माना जा रहा है कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा है। हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईसीसी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था और कहा था कि यह संस्था बीसीसीआई के प्रभाव में काम कर रही है।

पाकिस्तान ने ICC को अब तकनहीं दी है जानकारी

सूत्रों के मुताबिक आईसीसी को अब तक इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। आईसीसी की ओर से किसी भी तरह की कार्रवाई या प्रतिबंध पर फैसला तभी लिया जाएगा, जब पीसीबी आधिकारिक तौर पर आईसीसी को सूचित करेगा। यह घोषणा उस अहम बैठक के कुछ ही मिनटों बाद आई, जो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मोहसिन नकवी के बीच हुई थी। इससे पहले भी नकवी प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके थे और कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी तक आ जाएगा। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने इस 20 टीमों वाले मेगा टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी पर दोबारा विचार तब शुरू किया, जब आईसीसी ने पिछले महीने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का ऐलान किया। यह फैसला बांग्लादेश के भारत दौरे से इनकार करने के बाद लिया गया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने यह कदम उस समय उठाया, जब आईपीएल फ्रेंचाइजर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के निर्देश पर अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। अंततः आईसीसी ने बांग्लादेश की अपील खारिज करते हुए टूर्नामेंट शेड्यूल में किसी भी बदलाव से इनकार कर दिया और 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया। इस फैसले के बाद आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े और हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। माना जा रहा है कि इस मामले पर अब आईसीसी को आगे का फैसला लेना होगा क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच टूर्नामेंट के शेड्यूल और ग्रुप समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। फिलहाल इस पूरे मामले पर आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

Exit mobile version