कटनी में नकली बीड़ी का बड़ा भंडाफोड़, छापेमारी में भारी मात्रा में स्टॉक जब्त; प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट भी बरामद
कटनी- जिले में नकली बीड़ी के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वेस्ट बंगाल की बीड़ी निर्माता अंजली ट्रेडिंग कंपनी के लीगल एडवाइजर की मौजूदगी में कोतवाली पुलिस ने शहर के कई थोक व्यापारियों की दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान कंपनी के ब्रांड नाम पर बेची जा रही नकली बीड़ी की बड़ी खेप जब्त की गई। साथ ही इंडोनेशिया की प्रतिबंधित ब्लैक सिगरेट के पैकेट भी बड़ी संख्या में बरामद हुए हैं। पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है।
जानकारी मे अंजली ट्रेडिंग कंपनी के लीगल एडवाइजर कुनाक कुमार घोष ने बताया कि उनकी कंपनी कैलकुलेटर नाम से बीड़ी का उत्पादन करती है,लेकिन कटनी जिले में उनके ब्रांड और मोनोग्राम का गलत इस्तेमाल कर नकली बीड़ी बनाई और बेची जा रही थी। इस मामले में पहले ही जबलपुर और दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा ऐसे कारोबार पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।इसके बावजूद कटनी में बड़े पैमाने पर नकली बीड़ी का निर्माण और बिक्री जारी थी। शिकायत मिलने पर वे कटनी पहुंचे और एसपी अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर शहर के कई दुकानों और थोक विक्रेताओं के यहां छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली बीड़ी का स्टॉक बरामद कर जब्त किया गया। इतना ही नहीं, छापेमारी के दौरान कुछ दुकानों से इंडोनेशिया में बिकने वाली प्रतिबंधित ब्लैक सिगरेट के पैकेट भी मिले, जिन्हें भारत में बेचना गैरकानूनी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।