बिना अनुमति निर्माण कार्य को लेकर राममनोहर लोहिया वार्ड निगम प्रशासन की बड़ी कार्यवाही,छज्जा हटाकर कंपाउंडिंग कराने के निर्देश, निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी पर निगम प्रशासन का सख्त रु
कटनी। शहर में बिना अनुमति एवं स्वीकृत भवन निर्माण नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में निगम प्रशासन द्वारा राममनोहर लोहिया वार्ड में लल्लाराम पटेल द्वारा लगभग 60 बाई 70 के क्षेत्र में बिना सक्षम अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्य को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार को निर्माणाधीन स्थल पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में नियमों के अनुरूप आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से निर्माणाधीन भवन का छज्जा हटाने तथा नियमानुसार कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा संबंधित निर्माणकर्ता को पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण कार्य से संबंधित भूमि स्वामित्व एवं भवन निर्माण की स्वीकृति संबंधी दस्तावेज तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को हटाने की कार्रवाई के संबंध में भी सूचित किया गया था। निर्धारित समयसीमा में श्री पटेल द्वारा किसी भी प्रकार की सक्षम अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निगम प्रशासन द्वारा उक्त बड़ी कार्यवाही की गई।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों एवं अनुमति प्रक्रिया का पालन कर आ अनिवार्य है। बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों को किसी भी स्थिति में मनमानी की छूट नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री अंशुमान सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित कालोनी सेल एवं अतिक्रमण शाखा का अमला मौजूद रहा।

