दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 60 करोड़ की हेरोइन के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार, लखनऊ में मिली ड्रग फैक्ट्री, झारखंड से जुड़े तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8.128 किलोग्राम फाइन क्वालिटी हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हेरोइन बनाने की एक सीक्रेट फैक्ट्री और झारखंड के नक्सल प्रभावित चतरा जिले में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ हुआ है।
बरामदगी और जब्ती
-
ड्रग्स व कैश: 8.128 किलो हेरोइन, हेरोइन बनाने का कच्चा माल (सोडियम व एसिटिक एनहाइड्राइड) और ₹12.81 लाख से अधिक नकद।
-
वाहन: 3 लग्जरी SUV (ग्रैंड विटारा, महिंद्रा XUV-700, हुंडई क्रेटा) और 1 रॉयल एनफील्ड बाइक।
इस तरह बेनकाब हुआ अंतरराज्यीय नेटवर्क
-
पहली गिरफ्तारी (दिल्ली): 16 सितंबर को बेगमपुर सेक्टर-32 से लक्ष्मण हुड्डा को 300 ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया।
-
भगोड़ा तस्कर चढ़ा हत्थे (हरियाणा): 17 सितंबर को सोनीपत से 12 मुकदमों में शामिल भगोड़े अनिल उर्फ भोला को XUV-700 और 501 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।
-
लखनऊ में ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ (UP): 4 अक्टूबर को लखनऊ के जानकीपुरम में छापा मारकर बबलू को पकड़ा गया। मौके से 6.275 किलो तैयार हेरोइन और प्रोसेसिंग का सामान मिला।
-
सप्लायर और मास्टरमाइंड गिरफ्तार: बरेली से फैक्ट्री मालिक रुकसार अली उर्फ राजू और कच्चा माल सप्लायर अजाज अहमद को दबोचा गया। 16 अक्टूबर को बदायूं से मोहम्मद अजहर को 551 ग्राम हेरोइन और ₹9.81 लाख कैश के साथ पकड़ा गया।
-
झारखंड में अवैध अफीम की खेती: 18 अक्टूबर को झारखंड के चतरा जिले से प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो अपनी जमीन पर अफीम उगाकर इस नेटवर्क को सप्लाई करता था।
रोहिणी जिला पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से कच्चे माल की आपूर्ति से लेकर फैक्ट्री में हेरोइन बनाने और उसकी सप्लाई करने वाले पूरे सिंडिकेट की कमर टूट गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

