katniमध्यप्रदेश

कटनी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: नाइट्रावेट की 7 पत्तियों के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार,कोतवाली पुलिस कि कार्यबाही,नशीली गोलियों की सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस

कटनी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: नाइट्रावेट की 7 पत्तियों के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार,कोतवाली पुलिस कि कार्यबाही,नशीली गोलियों की सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलि

कटनी। जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को नाइट्रावेट (Nitravet IP 10 mg) की 7 पत्तियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित गोलियां उसे कहां से मिलीं और इनके अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर के कुछ युवा गांजा और स्मैक के अलावा नाइट्रावेट गोलियों का भी नशे के रूप में उपयोग कर रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कैलवारा खुर्द रोड पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक दुबे (19) निवासी प्रजापति मोहल्ला, नदीपार, कैलवारा रोड, थाना कोतवाली बताया।

स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर युवक के पास से नाइट्रावेट आईपी 10 एमजी की 7 पत्तियां बरामद हुईं। आरोपी इन गोलियों के संबंध में कोई वैध चिकित्सकीय पर्ची या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने गोलियां नशा करने के उद्देश्य से अपने पास रखना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 769/2026 दर्ज करते हुए धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट तथा 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद गोलियों की अनुमानित कीमत 315 रुपये बताई गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली एवं कुठला में मारपीट और चोरी के तीन आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब नाइट्रावेट गोलियों की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, उमेश सिंह तथा आरक्षक अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, विकास राय, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह एवं दिनेश सेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कटनी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार या उनके दुरुपयोग की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को सफल बनाया जा सके।

Back to top button