भोपाल। एमपी नगर थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपित पर फिर से ज्यादती करने का केस दर्ज किया है। घटना एमपी नगर की एक होटल में हुई। युवती मूलत: ग्वालियर की रहने वाली है।
एमपी नगर थाना पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि ग्वालियर में उसका परिचय नरेंद्र पांडे से हुआ था। जून 2020 में नरेंद्र ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का ढोंग किया। इसके बाद शरीरिक शोषण शुरू कर दिया। संबंधों की चर्चा होने लगी तो नरेंद्र उसे लेकर इंदौर चला गया था।
कुछ माह बाद नरेंद्र उसके साथ भोपाल के करोंद में किराए के मकान में रहने लगा। युवती जब भी उससे कोर्ट में शादी करने की बात कहती थी, तो टाल देता था।
इस बीच युवती को नरेंद्र के पहले से शादीशुदा होने की बात पता चली। विवाद होने पर नरेंद्र उसे करोंद वाले घर में छोड़कर भाग गया। जून 2021 में युवती की शिकायत पर निशातपुरा थाने में नरेंद्र के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया था।
मामले की पेशी आठ अक्टूबर को थी। युवती एमपी नगर के एक होटल में ठहरी थी। युवती ने पुलिस को बताया कि केस के संबंध में बात करने के बहाने से आरोपित नरेंद्र उसके पास पहुंचा था। नरेंद्र ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ज्यादती करने का केस दर्ज कर लिया है।
