Site icon Yashbharat.com

लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 35.08 लाख के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन,नवरात्रि की पंचमी पर कन्या शिवि के हाथों हुआ भूमिपूजन, महापौर ने मातृशक्तियों का किया सम्मान

IMG 20261016 WA0030

लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 35.08 लाख के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन,नवरात्रि की पंचमी पर कन्या शिवि के हाथों हुआ भूमिपूजन, महापौर ने मातृशक्तियों का किया सम्मा

 

कटनी- नवरात्रि के पावन पर्व पर आस्था, मातृशक्ति के सम्मान और विकास कार्यों के शुभारंभ का संगम लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में देखने को मिला। गुरुवार को वार्ड में लगभग 35 लाख 8 हजार रुपये की लागत से होने वाले दो सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद सरला मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कन्या शिवि के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर ने उपस्थित मातृशक्तियों को पुष्पहार पहनाकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने वार्ड की विभिन्न गलियों का निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा भी लिया।

नगर निगम द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों में सुभाष तिवारी के घर से शंकर दुबे के घर तक लगभग 27 लाख 8 हजार रुपये तथा आनंद पटेल के घर से अशोक सोनी के घर तक लगभग 8 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नवरात्रि मातृशक्ति की आराधना और सम्मान का पर्व है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विकास केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की आवश्यकताओं को समझते हुए योजनाबद्ध तरीके से सुविधाओं का विस्तार करना भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

क्षेत्रीय पार्षद सरला मिश्रा ने सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत पर महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. सुनील द्विवेदी, संतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विकास कार्यों के शुभारंभ पर वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर, पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।

Exit mobile version