katni

भूमि प्रकट शारदा माता का 53वां प्राकट्य उत्सव 20 अप्रैल को, बरगवां में भव्य जागरण और भंडारे का आयोजन

भूमि प्रकट शारदा माता का 53वां प्राकट्य उत्सव 20 अप्रैल को, बरगवां में भव्य जागरण और भंडारे का आयोजन।भूमि प्रकट शारदा माता का 53वां प्राकट्य:श्री भूमि प्रकट शारदा माता का 53वां प्राकट्य समारोह 20 अप्रैल को भव्य रूप से मनाया जाएगा।बरगवां स्थित सिद्ध पीठ भूमि प्रकट शारदा माता मंदिर में इस वर्ष भी अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सोमवार, 20 अप्रैल को 53वां प्राकट्य उत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।

मान्यता के अनुसार, भूमि प्रकट शारदा माता ने अपनी भक्त श्रीमती सावित्री बाई रजक की सेवा से प्रसन्न होकर स्वप्न में दर्शन दिए थे और कहा था कि वे उनके घर के पास स्थित बिही के पेड़ के नीचे अक्षय तृतीया के दिन प्रकट होंगी। वर्ष 1973 में इसी स्थान पर, बरगवां स्थित सावित्री बाई के घर के पास बिही के पेड़ के नीचे माँ शारदा का प्राकट्य हुआ था। तभी से यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।

इस वर्ष 53वें प्राकट्य उत्सव के अवसर पर दोपहर 12 बजे माँ का विशेष प्राकट्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

रात्रि 8 बजे से भव्य देवी जागरण का आयोजन होगा, जिसमें जबलपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध अनाज व्यवसायी श्री देशराज गुप्ता द्वारा किया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित यह मंदिर अब एक सिद्ध पीठ के रूप में प्रसिद्ध हो चुका है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहाँ दर्शन हेतु पहुंचते हैं।

भूमि प्रकट माँ शारदा महिला मंडल ने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से इस पावन प्राकट्य उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माँ का आशीर्वाद एवं प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

 

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि