Latestमध्यप्रदेश

सावधान Tetanus ! सतना जिला अस्पताल में एक दशक बाद भर्ती हुआ टिटनेस का मरीज, हालत गम्भीर

सतना। जिला अस्पताल में करीब एक दशक के बाद टिटनेस (Tetanus) बीमारी का मामला सामने आया है। गंभीर अवस्था में पहुंचे मरीज को उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। टिटनेस बैक्टीरिया के संक्रमण से मरीज का शरीर अकड़ गया है और मुंह खुलना भी बंद हो गया है।

चिकित्सकों के अनुसार मरीज को फिलहाल नाक के जरिए नली लगाकर तरल पदार्थ दिया जा रहा है। मरीज की पहचान पन्ना जिले के सरसा गांव निवासी लोकेंद्र सिंह (19) के रूप में हुई है, जो मंगलुरु में रहकर सटरिंग का काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले कार्य के दौरान लोकेंद्र के पैर में कील चुभ गई थी। उसने प्राथमिक उपचार के रूप में घाव की पट्टी करवाई और दर्द निवारक दवाएं ले लीं, लेकिन टिटनेस का इंजेक्शन नहीं लगवाया। इसी लापरवाही के चलते घाव में संक्रमण फैल गया और धीरे-धीरे टिटनेस के लक्षण उभरने लगे।

तबीयत बिगड़ने पर लोकेंद्र मंगलुरु से अपने गृह ग्राम लौट आया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर टिटनेस का टीका न लगवाने से यह स्थिति बनी है। फिलहाल मरीज की हालत गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

Back to top button