नई दिल्ली। बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर का मतदान जारी है। इस दौरान सूबे के चार जिलों की कुल 30 सीटों के लिए वोट पड़ रहे हैं। इनमें पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं।
कोरोना संबंधित नियमों का पालन करते हुए चुनाव हो रहे हैं। मतदान के समय भी बढाया गया है। इस बीच आरोप लगाने का दौर शुरू हो गया है। देबरा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार भारती घोष ने टीएमसी पर आरोप लगाया है कि नवापारा में उनके पोलिंग एजेंट को बूथ पर जाने से रोका जा रहा है।
बता दें कि बंगाल ही नहीं पूरे देश निगाहें नंदीग्राम सीट पर हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व सुवेंदु अधिकारी के आमने-सामने होने से यह सीट बंगाल चुनाव का हॉट सीट बन गया है। सुवेंदु पिछले साल दिसंबर में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। धार 144 लागी है। हेलीकाप्टर का भी पहरा है। यहां के सारे मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित कर दिए गए हैं। वेब कास्टिंग की भी व्यवस्था है। नंदीग्राम के सभी प्रवेश व निकासी केंद्रों पर कड़ा पहरा है। वे लोग,जो नंदीग्राम के मतदाता नहीं हैं, उनके प्रवेश पर भी रोक है। यहां कुल 2.75 लाख मतदाता हैं।
LIVE Updates
- देबरा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार भारती घोष ने आरोप लगाया है कि नवापारा में उनके पोलिंग एजेंट को बूथ पर जाने से रोका जा रहा है। टीएमसी को गुंडों ने उसे घेर रखा है। बरुनिया में मतदाताओं को धमकाया जा रहा है और टीएमसी का चुनाव चिन्ह दिखाया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के नंदीग्राम से उम्मीदवार सुवेन्दु अधिकारी ने वोट डालने के बाद कहा कि मैं लोगों से बड़ी संख्या में अपना वोट डालने की अपील करता हूं, क्योंकि पूरा देश की नजर नंदीग्राम पर है। लोग यह देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं कि विकास के जीत मिलती है या तुष्टिकरण की राजनीति को। भाजपा और विकास की जीत होगी। पूरे बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है। बेरोजगारी के कारण ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ मतदान हो रहे हैं। 80-85% मतदान होने चाहिए और हिंसा नहीं होनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल: पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा की 30 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
- पश्चिम बंगाल: बांकुरा में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी हैं, लोग मतदान केंद्र के बाहर अपनी बारी आने का इंतजार करते दिखे। पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा की 30 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
केंद्रीय बलों की लगभग 800 कंपनियां तैनात
चार जिलों के 30 सीटों पर केंद्रीय बलों की लगभग 800 कंपनियां तैनात हैं। छह सीट संवेदनशील घोषित हैं। कुल 10,620 मतदान केंद्र हैं और करीब 76 लाख मतदाता हैं। 171 प्रत्याशियों में से 43 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। कुल 171 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 19 महिलाएं व 152 पुरुष उम्मीदवार हैं। इनमें से कुल 26 करोड़पति प्रत्याशी हैं। कुल प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 96.33 लाख रुपये हैं। 19 करोड़ 21 लाख रुपये के साथ देबरा सीट से भाजपा की भारती घोष सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। वहीं 500 रुपये के मालिक बांकुड़ा सीट से बसपा के साधन चट्टराज सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी हैं। 63 प्रत्याशियों की शैक्षिक योग्यता पांचवीं से बारहवीं तक, जबकि 101 प्रत्याशियों की स्नातक व उससे अधिक है।
