Site icon Yashbharat.com

कटनी में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का रोमांच, सुभाष चौक बना अहमदाबाद, जीत के नजदीक भारत

IMG 20260308 WA0022 1

कटनी में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का रोमांच: भारत की जीत के करीब पहुंचते ही सुभाष चौक पर उमड़ा जनसैलाब
कटनी। टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश के साथ-साथ कटनी शहर में भी जबरदस्त उत्साह का माहौल बना दिया। भारत के इतिहास रचने की दहलीज पर पहुंचते ही शहर के क्रिकेट प्रेमियों का जोश देखते ही बन रहा था।

कटनी के सुभाष चौक पर शाम से ही क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। यहां बड़ी स्क्रीन लगाकर फाइनल मैच का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। जैसे-जैसे मैच रोमांचक होता गया, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता चला गया। यहां भाजपा पार्षद अवकाश जायसवाल ने बड़ी स्क्रीन पर मैच की व्यवस्था की थी

भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से जब न्यूजीलैंड के लगातार विकेट गिरते गए और उसके केवल पांच विकेट ही शेष रह गए, तब सुभाष चौक पर मौजूद क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। हर विकेट के साथ तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

मैच के दौरान ऐसा माहौल बन गया मानो कटनी का सुभाष चौक अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तब्दील हो गया हो। बड़ी स्क्रीन के सामने खड़े होकर लोग भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करते नजर आए। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और बच्चे भी बड़ी संख्या में मैच का आनंद लेते दिखाई दिए।

कई क्रिकेट प्रेमी अपने हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे थे और भारत की जीत के लिए लगातार नारे लगा रहे थे। जैसे ही भारतीय टीम ने मैच पर पकड़ मजबूत की, वैसे ही दर्शकों ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी।

क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय टीम इस बार लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचने के बेहद करीब है। सभी को उम्मीद है कि टीम इंडिया जीत हासिल कर देशवासियों को एक और गौरवपूर्ण क्षण देगी।

कटनी में क्रिकेट के इस रोमांच ने यह साबित कर दिया कि खेल के प्रति लोगों का जुनून और देशभक्ति का जज्बा किस तरह एक साथ दिखाई देता है। शहर में हर किसी की निगाहें अब मैच के अंतिम परिणाम पर टिकी हुई हैं और लोग भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Exit mobile version