Site icon Yashbharat.com

Ayushman Bharat Niramayam Day: सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में मनाया जायेगा आयुष्मान भारत निरामयम दिवस

ayushman card

Ayushman Bharat Niramayam Day: सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में मनाया जायेगा आयुष्मान भारत निरामयम दिवस वर्ष 2018 में शुरू हुई आयुष्मान योजना 5 वर्ष पूरे कर रही है। पिछले 5 वर्षों में प्रदेश में आयुष्मान योजना में उल्लेखनीय कार्य हुआ है।

15 लाख हितग्राहियों को 4 हजार 700 करोड़ रूपये का उपचार

प्रदेश के एक करोड़ 8 लाख चिन्हित पात्र परिवारों के 4 करोड़ 70 लाख हितग्राही में 74 प्रतिशत हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। प्रदेश के 99 प्रतिशत से अधिक परिवारों में कम से कम एक सदस्य का आयुष्मान कार्ड बन गया है। आयुष्मान कार्डधारक को एक वर्ष में 5 लाख रूपये तक का उपचार आयुष्मान से संबद्ध अस्पतालों में करवाने की पात्रता होती है।

प्रदेश में योजना में 1022 चिकित्सालय संबद्ध हैं। इनमें 494 शासकीय और 528 निजी चिकित्सालय हैं। पात्र हितग्राहियों के लिये संबद्ध चिकित्सालयों में 136 प्रकार के उपचार का पैकेज हैं। प्रदेश के 156 चिकित्सालयों में डायलिसिस और 11 केन्द्रों पर निरूसंतानता के उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

योजना के प्रारंभ से अब तक 15 लाख आयुष्मान कार्डधारकों को लाभान्वित किया गया है। इनके उपचार पर 4 हजार 700 करोड़ रूपये की राशि व्यय की गई है। वर्तमान में रोजाना लगभग 3500 हितग्राही योजना में उपचार प्राप्त कर रहे हैं। योजना में किये गये उपचार में विशेष रूप से गुर्दा प्रत्यारोपण, बोन मेरो ट्रांसप्लांट, कैंसर उपचार और ह्रदय रोग उपचार आदि शामिल हैं।

 

आयुष्मान योजना के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 सितम्बर 2023 को सभी जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक, प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष्मान भारत निरामयम दिवस मनाया जायेगा। इसमें अनेक गतिविधियाँ की जायेगी। जन-प्रतिनिधियों, आयुष्मान हितग्राहियों और मीडिया के साथ योजना के संबंध में परिचर्चा, संवाद और कार्यशाला होगी।

नागरिकों को योजना के बारे में जानकारी दी जायेगी। योजना को जनता तक पहुँचाने के लिये पेंटिंग, रंगोली आदि प्रतियोगिताएँ भी होंगी। साथ ही पीवीसी आयुष्मान कार्ड का वितरण और ई-केवायसी कराना भी सुनिश्चित किया जायेगा। जिन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके आयुष्मान कार्ड बनाये जायेंगे और कार्यक्रम में पहुँचने वाले नागरिकों की आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा आई.डी.) भी बनाई जायेगी।

Exit mobile version