पटवारियों की हड़ताल समाप्त होते ही पटरी पर आया राजस्व विभाग का कामकाज, किसानों को भी मिली राहत

IMG 20260808 140115

कटनी(YASHBHARAT.,COM)। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर बैठे मध्यप्रदेश पटवारी संघ के कर्मचारियों ने आखिरकार अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है। पटवारियों की हड़ताल समाप्त होते ही राजस्व विभाग का कामकाज पटरी पर लौट आया है और किसानों को भी राहत मिली है। बताया जाता है कि प्रांतीय कार्यकारिणी एवं संघर्ष समिति की प्रमुख सचिव राजस्व तथा राजस्व मंत्री कर्ण सिंह वर्मा के साथ हुई सौहार्दपूर्ण चर्चा और मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव की ओर से मिले आश्वासन के बाद बीती 7 अगस्त की दोपहर हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। हड़ताल समाप्त होते ही कटनी जिले के सभी पटवारी अपने काम पर वापस लौट आए हैं। इससे राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज को फिर से गति मिलने की उम्मीद है और किसानों एवं आमजन को भी राहत मिली है। पटवारी संघ के अनुसार अपनी मांगों को लेकर संगठन द्वारा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा था। इसी क्रम में 3 अगस्त से जिले के पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर थे। हड़ताल के बीच सरकार के साथ हुई बातचीत में मांगों के निराकरण को लेकर मिले आश्वासन के बाद संगठन ने फिलहाल आंदोलन समाप्त करने का फैसला किया।

सहयोग के लिए जताया आभार

मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला कटनी के जिलाध्यक्ष दादूराम पटेल ने मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, सांसद, प्रभारी मंत्री, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित प्रमुख सचिव राजस्व, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार जताया है। संघ ने आंदोलन के दौरान किसानों और आमजन को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि पटवारी अब अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन एवं किसानों से जुड़े राजस्व कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेंगे।