Site icon Yashbharat.com

Aryan Khan Drug Case: आर्यन खान की जमानत याचिका पर फैसला आज, NCB ने इंटरनेशनल ड्रग रैकेट में शामिल होने का जताया है शक

aryan and shah rukh khan

मुंबई के समुद्री क्षेत्र में एक क्रूज़ शिप (Cruise Ship) से मादक पदार्थ कथित रूप से जब्त किए जाने के मामले में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan drug case) और दो अन्य की जमानत याचिका पर कोर्ट आज फैसला सुनाएगी. मामले में इससे पहले 14 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान जज वीवी पाटिल की कोर्ट ने आर्यन खान की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था.

गुरुवार को जांच एजेंसी एनसीबी और बचाव पक्ष के वकीलों की व्यापक दलीलें सुनने के बाद, विशेष न्यायाधीश वी वी पाटिल ने मामले को 20 अक्टूबर के लिए सूचीबद्ध कर दिया था.

इससे पहले एक मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने आर्यन खान, मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. गोवा जाने वाले क्रूज़ जहाज से गिरफ्तार किए लोगों में ये तीनों शामिल हैं.

आर्यन खान के समर्थन में बीजेपी नेता राम कदम, बोले- प्रार्थना करता हूं आज जमानत मिल जाए

बीजेपी प्रवक्ता राम कदम ने किया ट्वीट किया कि प्रार्थना करता हूं कि आज आर्यन खान को जमानत मिल जाए. राम कदम ने आगे कहा कि, संविधान और कानून के तहत ज़मानत मिलना एक मूलभूत अधिकार है. यह किसी एक व्यक्ति विशेष के विरोध की लड़ाई नहीं बल्कि समूचे मानव जाति की ड्रग्स विरोधी जंग है. उम्मीद थी कि महाराष्ट्र की सरकार कम से कम इस खतरनाक मामले में ड्रग्स माफिया के विरोध में खडी होती. बीजेपी नेता राम कदम ने आरोप लगाते हुए कहा कि वसूली का खेल राज्‍य सरकार पर हावी दिखा. उन्‍होंने कहा कि महबूबा मुफ्ती ने भी इसे अपने आगामी चुनाव के लिये इसे भुनाने की कोशिश की. राम कदम ने कहा कि, क्या जो नशा हमारे घर के नौजवानों को पूरी तरह से बरबाद कर सकता है उसके खिलाफ सभी दल और मानव जाति एक क्यों नहीं हो सकते.? उन्‍होंने कहा कि कानून के सामने कोई अमीर-गरीब , नेता,अभिनेता नहीं होता सभी समान है.

गौरतलब है कि जांच एजेंसी एनसीबी प्रमुख वानखेड़े वर्तमान में एक क्रूज जहाज से मादक पदार्थ की कथित जब्ती के मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

 

Exit mobile version